डांस के दौरान खड़े हुए विवाद को शांत कराती पुलिस।
- फोटो : amar ujala
सागर में श्रीकृष्ण जन्माष्टी त्योहार के अवसर पर आयोजित की गई मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान जमकर कुर्सियां चली। मंगलवार को सागर विधायक शैलेंद्र जैन की तरफ से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के दौरान डीजे की धुन पर नाच रहे युवाओं के बीच कहासुनी हो गई। जिसके बाद पूरा विवाद खड़ा हुआ। हालांकि, पुलिस ने मामले को संभालते हुए कुछ युवाओं को हिरासत में ले लिया।
कटरा स्थित म्युनिसिपल स्कूल के सामने विधायक की तरफ से मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। शहर की कई युवाओं की टोलियों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। एक तरफ जहां कार्यक्रम में मटकी फोड़ने वाली टोलियों ने हिस्सा लिया। वहीं, लोगों की भारी भीड़ जुटी। हजारों की संख्या में पहुंचे लोग डीजे की धुन पर जमकर थिरके। हांलाकि, इस दौरान हुए विवाद के बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को समझा बुझाकर शांत कराया। जिसके बाद फिर से युवाओं की टीम ने डीजे पर जमकर डांस किया।
पुलिस-प्रशासन की तरफ से मौके पर सभी इंताजाम किए गए थे। फायर बिग्रेड की गाड़ी को भी मौके पर तैनात किया गया। सूर्य विजय अखाड़े की टीम ने पहले ही प्रयास में मटकी फोड़ दी।विधायक शैलेंद्र जैन ने मटकी फोड़ने वाली सूर्य विजय अखाड़े की टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साथ ही प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली अन्य टोलियों को भी आयोजिकों की तरफ से 1100-1100 रुपये देने की घोषणा की गई। मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरन लोगों में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में आस-पास के अलावा दूर-दराज से भी लोग हिस्सा लेने पहुंचे थे।