सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में नाबालिग समेत पांच गिरफ्तार
जिले के शाहपुरा थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ यौन अपराध और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार एक युवक ने नाबालिग का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी और अपने चार साथियों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया। ब्लैकमेलिंग और लगातार धमकियों से परेशान होकर नाबालिग ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शाहपुरा थाना प्रभारी प्रवीण धुर्वे के अनुसार क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी की एक युवक से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच मुलाकातें होने लगीं। आरोप है कि युवक उसे घूमने के बहाने अपने साथ ले गया और गलत काम किया। इसी दौरान उसने किशोरी का आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया। आरोपी युवक ने यह वीडियो अपने चार अन्य साथियों को भी दिखाया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किशोरी पर दबाव बनाया जाने लगा।
ये भी पढ़ें: कटनी जमीन सौदा मामला: नेहा पच्चीसिया की अग्रिम जमानत पर फैसला 29 अगस्त को, तीन घंटे चली बहस; SIT की जांच तेज
पुलिस के अनुसार पिछले साल दिसंबर में पांचों आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद 10 अगस्त को भी आरोपियों ने उसे बुलाया और कथित तौर पर वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए उसके साथ दोबारा सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों की ओर से किशोरी को लगातार बुलाया जा रहा था। मना करने पर उसे वीडियो वायरल करने की धमकियां दी जाती थीं। लगातार दबाव और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर किशोरी ने आखिरकार अपने परिजनों को पूरी घटना बताई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद किशोरी अपने परिजनों के साथ पुलिस थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और दबिश देकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।