लंदन विला टाउनशिप में हुई बहुचर्चित डकैती के मामले में गुरुवार को जिला कोर्ट ने आरोपी सोमला की जमानत रद्द कर दी। दो दिन पहले कोर्ट ने सोमला को जमानत दे दी थी। इस मामले में पुलिस की लापरवाही भी सामने आई थी। इस पर पुलिस कमिश्नर ने बाणंगगा थाना प्रभारी नीरज बिरथरे और एसआई कमल किशोर को लाइन अटैच कर दिया था।
गुरुवार को कोर्ट ने पुनर्विचार याचिका मंजूर की। इसमें पुलिस अफसरों द्वारा यह तर्क दिए गए कि आरोपी सोमला के खिलाफ 22 गंभीर अपराधों में प्रकरण दर्ज हैं। फरियादी द्वारा आरोपी की शिनाख्त होना बाकी है। डकैती के अन्य आरोपियों को भी पकड़ा जाना है, इसलिए सोमला की हिरासत पुलिस के लिए जरूरी है। इसके बाद कोर्ट ने सोमला को दी गई जमानत रद्द करते हुए उसके खिलाफ वारंट जारी कर दिया। अब पुलिस उसे फिर गिरफ्तार कर पूछताछ करेगी।
मंगलवार को आरोपी का रिमांड पूरा होने के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया था। दो आरक्षक आरोपी सोमला को हथकड़ियों में कोर्ट ले गए। तब कोई बड़ा पुलिस अधिकारी कोर्ट में मौजूद नहीं था। आरोपी के वकील ने कोर्ट को कहा कि पुलिस जिसे आरोपी बता रही है। वह घटना में शामिल नहीं है। पुलिस ने मारपीट कर उससे अपराध कबूलवाया। सुनवाई के दौरान सोमला की शर्ट पर खून के दाग भी थे। पुलिस प्रतिवेदन में आरोपी के खिलाफ डकैती की धारा भी नहीं लगाई गई थी। अब पुलिस ने धाराएं भी बढ़ा दी हैं।
अब आगे क्या
अब पुलिस फिर आरोपी सोमला को हिरासत में लेगी। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ करेगी। आरोपी से डकैती का सामान जब्त किया जाएगा और फरियादी को दिखाकर सोमला के वारदात में शामिल होने की पुष्टि भी कराई जाएगी। सोमला को पकड़ने के लिए फिर पुलिस की टीम आलीराजपुर जाएगी। पहले उसे आलीराजपुर के खेत से ही पुलिस ने पकड़ा था।