पोकलेन से तोड़ा गया अवैध निर्माण।
- फोटो : सोशल मीडिया
अवैध रूप से नशा बेचने वाली महिला के आशियाने पर बुधवार को पोकलेन चली। नगर निगम की टीम ने एक हजार वर्ग फीट के पक्के निर्माण को तोड़ा। महिला के खिलाफ 19 प्रकरण दर्ज थे।
जानकारी के मुताबिक महिला का नाम पांगूबाई उर्फ सरिता है। मूसाखेड़ी इलाके में उसके निर्माण को तोड़ने के लिए बुधवार को निगम की टीम पहुंची थी। जेसीबी की मदद से करीब एक हजार वर्ग फीट के निर्माण को तोड़ा गया। अप्रिय स्थिति न बने इसके लिए पुलिस बल भी तैनात था। पुलिस ने बताया कि महिला पांगूबाई के खिलाफ 19 अपराध दर्ज थे। वह कई सालों से क्षेत्र में अवैध शराब बेचने का काम कर रही थी। कुछ समय पहले पुलिस ने पांगूबाई पर नकेल कसना शुरू की। उसका काम बंद करवाया। इसके बाद अधिकारियों ने नगर निगम से उसके दो मंजिला घर को लेकर जानकारी जुटाई। निगम की जांच में पाया गया कि भवन निर्माण अवैध है। इसके बाद बुधवार को इसे तोड़ने की कार्रवाई की। पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने कहा कि नशे का बड़ा काम करने वाले आरोपियों के खिलाफ मुहिम जारी रहेगी। एमआईजी, हीरानगर, संयोगितागंज, द्वारकापुरी और छत्रीपुरा में भी बड़े पैमाने पर नशा बिकने को लेकर जानकारी बुलवाई गई है। जल्द यहां भी कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही द्वारकापुरी में हत्याकांड के आरोपी नारू उर्फ नारायण का घर भी ढहाया जाएगा।