डीजे पर महिला के साथ नाच रहे दो व्यक्तियों ने पिस्टल से हर्ष फायर किए।
- फोटो : सोशल मीडिया
मुरैना में हर्ष फायरिंग का एक वीडियो वायरल हो रहा है। दो लोगों ने जमकर गोलियां चलाई हैं। दूल्हे के पिता ने पुलिस को सूचना दी तो दोनों लोगों ने दूल्हे के पिता पर सोने की चेन छीनने का आरोप लगा दिया। पुलिस दूल्हे के पिता को थाने ले गई। हकीकत सामने आने के बाद पुलिस दोनों लोगों की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार शहर के गुलाब गार्डन में बीती रात नेत्रपाल राजपूत की शादी थी। रात लगभग 12 बजे के आसपास जब शादी समारोह में भीड़ कम हो गई तो डीजे की धुन पर महिलाओं के साथ नरेश यादव और गुलाब यादव नामक दो व्यक्ति नाच रहे थे और दोनों की कमर पर पिस्टल लगी हुई थी। डीजे पर नाचते-नाचते जोश इतना बढ़ गया कि पहले नरेश यादव ने अपनी कमर से पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। उसके बाद गुलाब यादव ने भी फायर किए। बताया जा रहा है कि ये दोनों नशे में थे।
दूल्हे के पिता को फायरिंग की जानकारी लगी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों व्यक्तियों ने दूल्हे के पिता पर ही सोने की चैन चुराने का आरोप लगा दिया। पुलिस दूल्हे के पिता को थाने में लेकर आई और रात भर लॉकअप में बंद कर दिया। जब इसकी सूचना सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी तो पुलिस बैकफुट पर आ गई और तत्काल दूल्हे के पिता को छोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 336 और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की और इन दोनों आरोपियों को तलाश में जुट गई।
गौरतलब है कि इस समय चंबल अंचल में शादी समारोह में एक के बाद एक फायरिंग के वीडियो सामने आ रहे हैं। हाल में ही एक शादी समारोह में हर्ष फायर के दौरान एक फौजी की मौत हो गई थी। इसके साथ ही एक शादी में एक व्यक्ति को गोली लग गई जो ग्वालियर के निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच लड़ रहा है।