दमोह जिले में देहात थाना क्षेत्र की एक 22 साल की युवती दो दिन पहले अपने घर से भाग गई थी। परिवार के लोगों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई और खुद भी उसकी खोजबीन कर रहे थे। लेकिन शुक्रवार शाम रजपुरा थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बस में सवार उस युवती को खोज लिया और उसे देहात थाना को सूचना देकर परिवार को सुपुर्द कर दिया।
रजपुरा थाना प्रभारी राजीव पुरोहित ने बताया कि वाहनों की चेकिंग चल रही थी। तभी बड़ा मलहरा से आ रही हजारी बस में एक 22 साल की युवती अकेली बैठी हुई थी। संदेह हुआ तो उन्होंने पूछताछ की। युवती ने साफ-साफ बता दिया कि वह अपने घर से भागी है। जब उससे पूछा कि आखिरकार वह घर से क्यों भागी, तो उसने कहा परिवार के लोग जिस लड़के से मेरी शादी करने के लिए कह रहे हैं, मुझे वह पसंद नहीं है। इसके बाद पुलिस ने लड़की को अपने कब्जे में लिया और देहात थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने युवती के परिजनों को खबर दी कि उनकी बेटी मिल गई है। परिवार के लोग काफी खुश हो गए और उसके बाद सभी लोग रजपुरा थाने पहुंचे, जहां पर पुलिस ने युवती को परिजनों को सुपुर्द कर दिया।