दिल्ली से चोरी एक ट्रक को पुलिस ने छतरपुर से बरामद किया हैं। आरोपी चोर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल चंदला थाना क्षेत्र की बाछोन चौकी में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उत्तरप्रदेश का एक युवक अजय अहिरवार 10 चक्के का हाईवा ट्रक गाजीपुर पूर्वी दिल्ली से चोरी कर यहां बेचने की फिराक में है। आरोपी सिमराही में नहर के पास ट्रक बेचने खड़ा था जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर के पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 20 दिसम्बर 2021 की रात को गाजीपुर दिल्ली से ट्रक चोरी करके लाया है। जिसका ट्रक क्रमांक HR63-D-9792 और चेचिस नंबर MAT448830H3N29925 है। चोरी किए गए ट्रक की अनुमानित कीमत 22 लाख रुपये है। ट्रक चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी पर धारा 41 (1-4) सीआरपीसी /379 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है।