Chhatarpur: हादसे के बाद कार में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
छतरपुर जिले के नौगांव-छतरपुर के बीच ग्राम सिंगरावन कला के पास फोरलेन पर मंगलवार देर शाम एक कार और बाइक में भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार जल कर राख हो गई, जबकि बाइक के दो टुकड़े हो गए।
मृतकों के नाम महाराजपुर थाने के ग्राम दिलानिया निवासी राघवेंद्र सिंह बुंदेला (45) और उनका पुत्र कल्लू (10) बताए गए हैं। जानकारी के मुताबिक राघवेंद्र बेटे कल्लू के साथ अपनी ससुराल हरपालपुर थाने के ग्राम चौका सौंरा से वापस गांव लौट रहे थे, तभी फोरलेन पर शाम करीब साढ़े 6 बजे यह हादसा हो गया। हादसे के बाद बाइक के दो टुकड़े हो गए। वहीं कार में आग लग गई। कार में आग लगते ही कार सवार निकल कर भाग खड़े हुए। कार स्विफ्ट डिजायर और यूपी 91 नम्बर की होने की जानकारी है। सूचना मिलते ही नौगांव थाना प्रभारी दीपक यादव, तहसीलदार सुनीता साहनी, डॉयल 100 तथा फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। मामले में नौगांव थाना पुलिस जांच में जुट गई है।