कलेक्टर संदीप जीआर ने तहसील छतरपुर का निरीक्षण किया।
- फोटो : अमर उजाला
कलेक्टर संदीप जीआर मंगलवार को तहसील में पहुंचे थे। उन्होंने निरीक्षण के दौरान पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए तीन सदस्यीय दल गठित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने लंबित पुराने प्रकरणों की अवधि समाप्त होते ही जिला अभिलेखागार में संचित करने की कार्ययोजना भी बनाने के निर्देश दिए। तहसील एवं एसडीएम कार्यालय में सफाई व्यवस्था को पुख्ता करने और मानक आकार का रैम्प बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने तहसील में प्रति सप्ताह कितने केस आते हैं, बंटवारे एवं नामंतरण के प्रकरणों में समाधान में लगने वाले समय की जानकारी ली। उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार को निर्देशित किया कि धारा 145 के लम्बित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करें और इस धारा के मिल रहे प्रकरणों को शुरुआत पर ही निराकरण करें। उन्होंने इम्पिलीमेंट के बाद रिकॉर्ड सुधार में लगने वाले समय की जानकारी ली।
कलेक्टर ने पटवारी रिकॉर्ड की जांच करने धारा 145 के प्रकरणों का अभियान के रूप में समाधान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नामांतरण के प्रकरणों में इंतजार न करें। सरकारी जमीन जहां है तो वहां प्रोएक्टिव होकर कार्य करें। निरीक्षण में प्रभारी एडीएम डीपी द्विवेदी, एसडीएम यूसी मेहरा उपस्थित रहे। कलेक्टर ने तहसील स्थित लोकसेवा केन्द्र के पास अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोकसेवा केन्द्र में मध्यस्थों की उपस्थित पाई जाने पर संचालक को कड़ी फटकार लगाते हुए लोकसेवा केन्द्र में प्रवेश नहीं कराने की हिदायत दी। इसी तरह लोकसेवा केन्द्र तक पहुंचने वाले मार्ग को दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए।