पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि कोई ऐसी योजना नहीं है, जिसमें भाजपा ने भ्रष्टाचार न किया हो। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस बिना किसी तथ्य को सामने रखे सिर्फ भ्रम फैलाने का काम कर रही है।
उज्जैन महाकाल महालोक में तेज हवा और आंधी के चलते सप्तऋषि की मूर्तियां खंडित हो गई। इसे लेकर प्रदेश में सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चीफ कमलनाथ ने जांच दल गठित किया है तो अब पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बड़ा आरोप लगाया है। दिग्गी ने कहा कि अब महाकाल के नाम पर भाजपा पैसे खा गई। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि कोई ऐसी योजना नहीं है, जिसमें भाजपा ने भ्रष्टाचार ना किया हो। उज्जैन के महाकुंभ में घटिया निर्माण किया और अब 750 करोड़ से बने महाकाल लोक कॉरिडोर की मूर्तियां तेज हवा से उड़ गई। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
विज्ञापन
गुजरात की कंपनी ने किया निर्माण
दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि कांग्रेस विधायक महेश परमार का लोकायुक्त में जांच के लिए अनुरोध सही निकला। भगवान शिवजी की मूर्ति तेज हवा में खंडित हो गई। निर्माण किसने किया था? गुजरात की कंपनी ने। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा कि यह आपके लिए शुभ संदेश नहीं है। अब इससे बड़ा प्रमाण क्या हो सकता है? क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से स्पष्टीकरण लेंगे? मध्य प्रदेश में कोई भी योजना नहीं है, जिसमें भ्रष्टाचार न हुआ हो। अब महाकाल के नाम पर भी भाजपा पैसे खा गई।
भ्रम फैलाने का काम कर रही है कांग्रेस
इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि ऐसी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में जहां तेज आंधी-तूफान में तीन लोगों की मृत्यु हुई हो, लोग घायल हुए हो, वहां कांग्रेस मध्यप्रदेश के लोगों के साथ खड़े होने के बजाय राजनीति कर रही है। बिना किसी तथ्य को सामने रखे सिर्फ भ्रम फैलाने का काम कर रही है।
विज्ञापन
प्रभारी मंत्री ने कांग्रेस को दिया जवाब
उज्जैन में प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा- आंधी-तूफान का असर छह मूर्तियों पर हुआ है। तकनीकी कमी रही होगी। इसे हम दिखवा रहे हैं। नुकसान वाली बात नहीं है। जिस कंपनी के पास काम था, वह हफ्ते-दो हफ्ते में यह काम करेगी। सारी मूर्तियों को हम चेक करवा रहे हैं। भविष्य में ऐसी दिक्कत न हो, यह देख रहे हैं। भ्रष्टाचार वाली बात नहीं है। 50-50 साल पुराने पेड़ हिल गए। तकनीकी दिक्कत आई होगी तो उसे ठीक करेंगे। सारे ठेकेदारों को बुलवाया है। उनके साथ बैठकर बात करेंगे। कांग्रेस खुद अखंड भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। वह अपने गिरेबां में झांककर देखें। फिर कोई बात करें। इतना बड़ा परिसर। इतना बड़ा काम हुआ है। प्राकृतिक आपदा पर कोई राजनीति कर रहे हैं तो इससे घटिया विचार नहीं हो सकता।