मंडला जिले के विकास को लेकर भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते और मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। पहले मरकाम ने मंडला के पिछड़ेपन और विकास के लिए मिले अवसरों का इस्तेमाल नहीं होने पर सवाल उठाए। इस पर सांसद कुलस्ते ने उन्हें राजनीति करने के बजाय चुनाव लड़ने की सलाह दी। अब मरकाम ने वीडियो जारी कर पलटवार किया है। मरकाम ने कुलस्ते को उनके केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री के कार्यकाल की याद दिलाते हुए पूछा कि उस समय मंडला में मेडिकल कॉलेज का प्रोजेक्ट आगे क्यों नहीं बढ़ पाया? दरअसल, विवाद की शुरुआत बुधवार को मरकाम के मंडला दौरे से हुई। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों और युवाओं से बातचीत में कहा था कि जिले में विकास की काफी संभावनाएं थीं, लेकिन उनका अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए थे।
ये भी पढ़ें-
MP: समाधान ऑनलाइन की समीक्षा में CM नाराज, देवास के उद्योग महाप्रबंधक निलंबित, पर्यवेक्षक की वेतन वृद्धि रोकी
कुलस्ते बोले- राजनीति करनी है तो चुनाव लड़कर आएं
गुरुवार को डिंडौरी पहुंचे सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने मरकाम के बयान पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि सरकार को बदनाम करने और जनता को भड़काने वाले अधिकारियों की जरूरत नहीं है। अगर किसी अधिकारी को राजनीति करनी है तो उसे चुनाव लड़कर जनता के बीच आना चाहिए। कुलस्ते ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री के विशेष सहायक रहते हुए मरकाम ने मंडला, डिंडौरी, सिवनी और नरसिंहपुर के विकास के लिए कितनी योजनाएं तैयार कीं और कितने काम जमीन पर उतारे? उन्होंने कहा कि उनकी लोकप्रियता का फैसला कोई अधिकारी नहीं, बल्कि जनता करेगी।
ये भी पढ़ें-
एमपी: CM ने देवास के उद्यमियों से किया संवाद, औद्योगिक पार्कों में होटल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान बनाने की तैयारी
मरकाम ने कुलस्ते की भूमिका पर उठाए सवाल
सांसद के बयान के बाद मरकाम ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं था। वे मंडला के विकास और वहां उपलब्ध अवसरों की बात कर रहे थे। मेडिकल कॉलेज का मुद्दा उठाते हुए मरकाम ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले चरण में जिन पिछड़े जिलों को मेडिकल कॉलेज की सौगात दी थी, उनमें मंडला भी शामिल था। दूसरे जिलों में मेडिकल कॉलेज शुरू हो गए, लेकिन मंडला का प्रोजेक्ट क्यों अटक गया? उन्होंने कहा कि जिलों में केंद्र की योजनाओं की निगरानी के लिए दिशा (DISHA) समितियां बनाई गई हैं, जिनके अध्यक्ष सांसद होते हैं। कुलस्ते उस समय केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री भी थे। ऐसे में मंडला के लोगों को उनसे इस परियोजना को आगे बढ़ाने की उम्मीद थी।
ये भी पढ़ें-
एमपी: नर्मदा के पानी से सीहोर के 76 गांवों के खेत होंगे सिंचित, आठ हजार से अधिक किसानों को मिलेगा लाभ
कुलस्ते बोले- वन विभाग की मंजूरी नहीं मिलने से अटका प्रोजेक्ट
मेडिकल कॉलेज में देरी पर कुलस्ते ने कहा कि वन विभाग से जरूरी मंजूरी (फॉरेस्ट क्लीयरेंस) नहीं मिलने के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ पाई। अब निर्माण का काम आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2027 से कक्षाएं शुरू करने की तैयारी है। उन्होंने मरकाम से भी सवाल किया कि मुख्यमंत्री कार्यालय में रहते हुए उन्होंने वन विभाग की मंजूरी दिलाने के लिए क्या प्रयास किए? सांसद ने अपने कार्यकाल के काम गिनाते हुए रानी दुर्गावती के समाधि स्थल के विकास, भगवान बिरसा मुंडा के गौरव दिवस और जनजातीय महापुरुषों के इतिहास को सामने लाने के प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के जरिए गांवों तक सड़क पहुंचाने का श्रेय अटल बिहारी वाजपेयी और नरेंद्र मोदी सरकारों को दिया। जनजातीय विकास के लिए बजट बढ़ाने को भी सरकार की उपलब्धि बताया।
ये भी पढ़ें-
एमपी: सीएम यादव बोले- सच्ची महानता पद-प्रतिष्ठा में नहीं, त्याग, तपस्या और परोपकार में
मरकाम ने गिनाईं मंडला की विकास संभावनाएं
मंडला दौरे में मरकाम ने कहा था कि जिले को आदिवासी मद से पर्याप्त बजट मिलता है, लेकिन उसका उपयोग स्थायी संस्थान और रोजगार के अवसर तैयार करने में नहीं हो पाया। उन्होंने शहडोल, बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा में मेडिकल कॉलेज होने का उदाहरण देते हुए मंडला में इसकी कमी पर चिंता जताई थी। पॉलिटेक्निक कॉलेज की जरूरत भी बताई थी। मरकाम के मुताबिक, मंडला की करीब 12 लाख आबादी में 85 प्रतिशत लोग ग्रामीण क्षेत्रों में रहते हैं। यहां वन संसाधन, जैविक खेती, मशरूम उत्पादन, मछली पालन और पर्यटन के क्षेत्र में संभावनाएं हैं। जिले को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कम से कम पांच हजार करोड़ रुपये के निवेश की जरूरत है। उन्होंने अमरकंटक केंद्रीय विश्वविद्यालय का उदाहरण देते हुए कहा था कि मंडला में भी ऐसा संस्थान होता तो स्थानीय युवाओं को लाभ मिलता। दौरे के दौरान मरकाम ने छात्रावासों का औचक निरीक्षण भी किया था और इसकी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपने की बात कही थी। अब जिले के विकास से शुरू हुई बहस सांसद और प्रशासनिक अधिकारी की भूमिका तथा जवाबदेही तक पहुंच गई है।