मुख्यमंत्री मोहन यादव 24 नवंबर से पांच दिन के विदेश दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सिंगापुर और दक्षिण कोरिया जाएंगे। दोनों देशों में मुख्यमंत्री निवेशकों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। यह दौरा भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) के बाद प्रदेश में निवेश प्रस्तावों को आगे बढ़ाने की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री 23 नवंबर की रात भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इसके बाद वहां से सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के दौरे पर जाएंगे। इस यात्रा में उनके साथ प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों का दल भी रहेगा। इसमें मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव और उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, प्रमुख सचिव आईटी एम. सेल्वेंद्रन, जनसंपर्क आयुक्त मनीष सिंह और मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध संचालक चंद्रमौली शुक्ला सहित अन्य अधिकारी शामिल होंगे।