मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार दीपावली से पहले संभाग स्तरीय औद्योगिक सम्मेलन आयोजित करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुरैना में उद्यमियों से संवाद के दौरान इसकी घोषणा की। उन्होंने चंबल एक्सप्रेस-वे के आसपास नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। सरकार का जोर निवेश बढ़ाने, नए उद्योग स्थापित करने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करने पर है। जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित संवाद में करीब 20 उद्यमियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने उद्योगों के संचालन, विस्तार, निर्यात और सरकारी विभागों से मिले सहयोग के अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों की स्थापना और विस्तार के लिए सरकार हरसंभव सहायता देगी। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में नए औद्योगिक क्षेत्रों और क्लस्टर के विकास के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी योजनाबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा।