मध्यप्रदेश विधानसभा में अब विधायी कामकाज को डिजिटल बनाने की तैयारी तेज हो गई है। इसके लिए विधायकों को नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) के इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 28 से 30 अक्टूबर तक चलेगा। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर 28 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे विधानसभा परिसर में इसकी शुरुआत करेंगे। ई-विधान व्यवस्था लागू होने के बाद विधायकों को सदन में प्रश्न लगाने, ध्यानाकर्षण और स्थगन प्रस्ताव की सूचनाएं देने, संकल्प प्रस्तुत करने और याचिकाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं के लिए डिजिटल माध्यम का इस्तेमाल करना होगा। इससे विधायी कामकाज में कागजों पर निर्भरता कम करने की कोशिश की जाएगी।