फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मासूम अपहरण कांड: मप्र-दिल्ली-हरियाणा-राजस्थान तक फैला है गिरोह, मानव अंगों की तस्करी में लिप्त है लेडी डॉक्टर

Thu, 26 Oct 2023 11:33 PM IST
दिनेश शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

सार

कर्फ्यू वाली माता मंदिर के पास से कन्या भोज के बहाने 11 माह और आठ वर्ष की दो सगी मासूम बहनों का अपहरण करने वाला गिरोह कई राज्यों में मानव तस्करी से जुड़ा है। भोपाल में पकड़े गए गिरोह में एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों से लगातार पूछताछ जारी है। 
विज्ञापन
भोपाल में दो बच्चियों के अपहरण कांड में रोज नए राज खुल रहे हैं। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी के सनसनीखेज मासूम बच्ची अपहरण कांड में रोज नए राज सामने आ रहे हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के कर्फ्यू वाली माता मंदिर के पास से कन्या भोज के बहाने 11 माह और आठ वर्ष की दो सगी मासूम बहनों का अपहरण करने वाला गिरोह कई राज्यों में मानव तस्करी से जुड़ा है। भोपाल में पकड़े गए गिरोह में एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों से लगातार पूछताछ जारी है। चार बालिग आरोपियों को कोर्ट ने चार दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपा है।
विज्ञापन


तीन लाख में दिल्ली की डॉक्टर को बेचने वाले थे
अब तक की पूछताछ में पता चला है कि यह गिरोह कई अलग-अलग गुटों में कार्य करता है। गिरोह का एक गुट मध्य प्रदेश में सक्रिय है, जिसने यह दोनों मासूम बच्चियों का अपहरण कर तीन लाख रुपये में दिल्ली की एक महिला चिकित्सक को बेचने का सौदा किया था। एक अन्य गिरोह राजस्थान में सक्रिय है और इसी तरह की मासूम बच्चियों का अपहरण कर उसे दिल्ली में मानव अंग तस्करी करने वाले अंतर्राष्ट्रीय गिरोह को बेचता है। वहीं, दिल्ली में एक स्थानीय गिरोह भी सक्रिय है। भोपाल में पकड़े गए गिरोह में केरल का रहने वाला आरोपी और हरियाणा निवासी उसकी कथित पत्नी व अन्य आरोपियों ने भोपाल के अलावा प्रदेश के और किन जिलों में मासूमों का अपहरण कर तस्करी की है, इसको लेकर पुलिस मुख्यालय भी सक्रिय हो गया है। भोपाल पुलिस की एक टीम हरियाणा और हैदराबाद भी रवाना की गई है। महिला डॉक्टर की हरियाणा और हैदराबाद में भी अस्पताल हैं और वहां से भी वह मानव अंगों की तस्करी करती है, ऐसा पता पुलिस को चला है।

अपहरण की नए सिरे से जांच के निर्देश
पुलिस सूत्रों के अनुसार मासूम बच्चियों का अपहरण कर दिल्ली में बेचे जाने का सौदा करने संबंधी खुलासा होने के बाद पुलिस महानिदेशक एसके सक्सेना ने सभी जोन के महानिरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में मासूम बच्चियों के अपहरण संबंधी मामलों की जांच में तेजी लाएं। घटना स्थल के आसपास घूमने वाले संदिग्धों की धरपकड़ कर पूछताछ करें और सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों के संबंध में जानकारी एकत्रित करें। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि गिरोह ने प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह के मासूमों का अपहरण किया होगा। हालांकि, यह गिरोह इतना शातिर है कि पूछताछ में अन्य जिलों में या भोपाल में भी किसी अन्य घटना के संबंध में जानकारी नहीं दे रहा है। पुलिस अब मनोवैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पड़ताल में जुटी है। भोपाल में जिन दो महिलाओं ने मासूम बच्चियों का अपहरण किया है, उसके सीसीटीवी फुटेज और फोटोग्राम भोपाल पुलिस ने अन्य जिलों की पुलिस को भी भेजे हैं ताकि मासूमों के अपहरण संबंधी मामलों में अगर यह गिरोह संदिग्ध हो तो पूछताछ की जा सके।
विज्ञापन


 
विज्ञापन

पुलिस ने इन दो महिलाओं को संदिग्ध मानकर केस की शुरुआत की थी। - फोटो : सोशल मीडिया
दिल्ली ठिकाने से महिला चिकित्सक गायब
भोपाल क्राइम ब्रांच पुलिस की एक टीम गुरुवार को दूसरे दिन भी दिल्ली की महिला फिजियोथेरेपिस्ट की तलाश में छापेमारी कर रही है। हालांकि, जो नाम और पते की जानकारी गिरोह के सदस्यों ने दी है, वहां उक्त महिला डॉक्टर के संबंध में कोई ठोस जानकारी पुलिस को नहीं मिल रही है। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह या तो महिला डॉक्टर और मानव अंग तस्करी से जुड़े गिरोह के लोगों के नाम व पते सही नहीं बता रहा या महिला डॉक्टर ने तस्करों के पकड़े जाने के बाद अपना ठिकाना बदल लिया है। भोपाल पुलिस दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से संपर्क कर मानव अंग की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करने की भी कोशिश में लगी हुई है।

इसलिए कराती थी मासूमों को स्तनपान
तस्कर गिरोह की महिला आरोपी इतनी शातिर है कि हर दो-तीन माह में अपना ठिकाना बदल लेती है, ऐसा इसलिए करते हैं ताकि जब तक पड़ोसियों को उनके संबंध में कोई जानकारी लगे, इसके पहले वह ठिकाना बदल लेती हैं। कोलार के इंग्लिश विला में एक करोड़ की मर्सडीज, विदेशी नस्ल के कुत्ते, सैकड़ों जोड़ी महंगे कपड़े और लग्जरी सामान में तस्करी की रकम को खर्च किया है। तस्कर गिरोह की महिलाएं अपहरण की गई 11 माह की मासूम को खुद स्तनपान कराती थीं, ताकि पड़ोसियों को यह लगे कि यह बच्चियां उन्हीं की हैं।

ये चार आरोपी रिमांड पर
हरियाणा निवासी अर्चना सेन (32), केरल निवासी उसका पति निशांत रामास्वामी (35), अर्चना का बेटा सूरज (19), 14 साल की नाबालिग बेटी और सूरज की कथित प्रेमिका मुस्कान बानो (19) को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बच्चियों के अपहरण के आरोप में गिरफ्तार किया है। नाबालिग को छोड़कर चारों आरोपियों को भोपाल पुलिस चार दिन की रिमांड पर लेकर उनसे लगातार पूछताछ कर रही है।

डीजीपी ने पुलिस टीम को दी बधाई
डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना ने गुरुवार को अंतरराज्ज्यीय बच्चा चोर गिरोह का भंडाफोड़ करने वाली पुलिस टीम के काम की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। इसके साथ ही एक महीने पहले एयरपोर्ट रोड स्थित जैन मंदिर से लाखों रुपये कीमत की अष्टधातु की मूतियां चोरी करने वाले बदमाश को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को भी बधाई दी। दोनों ही मामलों का खुलासा करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को डीजीपी ने गुरुवार को अपने कार्यालय बुलाकर उनका सम्मान किया और सराहनीय कार्य के लिए बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने पूरी टीम को नकद इनाम देने की भी घोषणा की।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें