भोपाल में गांधी नगर थाना क्षेत्र के अब्बास नगर में मंगलवार सुबह ऑटो और कार की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में चार महिलाएं और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट करवाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, ऑटो में सवार चारों महिलाएं सुबह काम पर जा रहीं थीं, तभी सामने से आ रही कार से ऑटो की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी की ऑटो के परखच्चे उड़ गए। इसमें कार सवार को भी मामूली चोटें आईं हैं। इसके बाद एक्सीडेंट के दौरान मौजूद रहवासियों ने महिलाओं और ऑटो चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि घायल चार महिलाओं में से दो महिलाएं बैरागढ़ की और दो गांधीनगर की हैं। पुलिस ने इसमें मामला दर्ज कर लिया है।
परिजनों ने की मुआवजे की मांग
इधर, पीड़ितों के परिजनों ने मुआवजे की मांग की है। घायल लक्ष्मी अहिरवार के पति हरीश अहिरवार का कहना है। लक्ष्मी अब्बास नगर के पास गोकुल धाम फैक्ट्री में काम करती है। वह सुबह ऑटो से काम करने फैक्ट्री जा रही थी। तभी ये हादसा हो गया है। इसमें लक्ष्मी को गंभीर चोट आई है, उनके मल्टीपल फ्रैक्चर हो गए हैं। हम मेहनत मजदूरी करके अपना घर चलाते हैं। हमारी मांग है कि हमें उचित मुआवजा दिया जाए।