सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने ग्रामीण भारत के धीमे विकास पर चिंता जाहिर की है। निर्देशक प्रकाश झा की आगामी फिल्म ‘सत्याग्रह’ की शूटिंग के सिलसिले में भोपाल आए अमिताभ ने शुक्रवार को अपने ब्लॉग पर लिखा कि ग्रामीण भारत की स्थिति अभी भी बहुत अच्छी नहीं है। उन्हें संघर्ष करते देखना निराशाजनक है।
बच्चन ने दूसरी ओर प्रगतिशील भारत की प्रशंसा भी की। उन्होंने लिखा कि एयरपोर्ट, हाईवे, होटल, हाऊसिंग सेक्टर में भारत ने प्रगति की विशाल छलांग लगाई है। अमिताभ के अनुसार खुली अर्थव्यवस्था के चलते देश में किए जा रहे भारी निवेश की वजह से भी भारत तरक्की की राह पर आगे बढ़ने में कामयाब हुआ है।
परिवार सहित यहां आए अमिताभ ने युवाओं को लेकर कहा कि नई पीढ़ी अपने फैसले ले रही है। वह युवा वर्ग ही है जो कल्चर, फिल्म, कपड़े, संगीत, राजनीति सहित अन्य चीजें तय कर रहा है। अमिताभ ने यहां तक कहा कि अगर हम युवाओं और उनकी सोच का सम्मान नहीं करेंगे तो उनमें अपने रास्ते पर अकेले चलने की क्षमता है।
बिग बी ने साथ ही कहा कि अगर हम युवाओं को सही गाइडेंस, शिक्षा और अवसर देंगे तो यह सभी के लिए लाभदायक होगा। वास्तव में उन्हें समझने की जरूरत है।