मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को गांवों में वरासत अभियान की कार्यवाही का मौके पर सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। वे बृहस्पतिवार को लोक भवन में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकारी भ्रमण के दौरान वरासत अभियान के तहत निर्विवाद उत्तराधिकार को खतौनियों में दर्ज करने की रैंडम पड़ताल करें।
उन्होंने इस अभियान को तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने भीषण ठंड के मद्देनजर रैनबसेरों का सुचारु संचालन, शहरी व ग्रामीण इलाकों के प्रमुख स्थानों पर अलाव की व्यवस्था तथा जरूरतमंदों को कंबल वितरित करने के निर्देश भी दिए। सीएम ने दैवी आपदाओं से होने वाली हानि को न्यूनतम करने के लिए लोगों को आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करने तथा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के भवन निर्माण के लिए तेजी से कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही तेज करने के निर्देश भी दिए।
डीएनए जांच के लिए बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
सीएम ने कहा कि डीएनए जांच के लिए प्रदेश में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की कार्यवाही तेज करें। इससे विवेचना कार्य वैज्ञानिक ढंग से सुगम होगा। अपराध से जुड़े साक्ष्यों के संबंध में सटीक जानकारी उपलब्ध होगी, जिससे न्याय दिलाने में मदद मिलेगी।