राज्य सरकार ने पिछले साल के मुकाबले इस बार मूंगफली की चार गुना अधिक खरीद की है। वहीं, योगी सरकार ने किसानों से पहली बार मक्का खरीद शुरू की है। पहले साल 24,859 किसानों से 1,06,412 मीट्रिक टन मक्का खरीदकर 167.04 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। प्रदेश में 16 जनवरी तक निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 6.41 फीसदी अधिक मक्का की खरीद की गई है।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पहले साल के लिए मक्का खरीद का लक्ष्य एक लाख मीट्रिक टन तय किया गया था। इसके लिए प्रदेश भर में कुल 110 केंद्र तय किए थे। सबसे ज्यादा 24 खरीद केंद्र कानपुर संभाग में बनाए गए थे। अलीगढ़ संभाग में 18 और देवीपाटन संभाग में 15 मक्का खरीद केंद्र बनाए गए थे।
उधर, प्रदेश के अलग-अलग जिलों से कुल 6,365 मीट्रिक टन मूंगफली की खरीद की है, जोकि पिछले साल के मुकाबले चार गुना से भी ज्यादा है। पिछले साल 1,546 मीट्रिक टन मूंगफली की खरीद की गई थी।