आसान किस्तों में प्लॉट देने का वादा कर करोड़ों रुपये ऐंठने वाले शाइन सिटी के निदेशकों के खिलाफ ठगी के दो और मुकदमे दर्ज किए गए हैं। गोमतीनगर थाने में डीसीपी पूर्वी के आदेश पर 19 और 11 लाख रुपये ठगने की रिपोर्ट दर्ज की गई हैं।
प्रभारी निरीक्षक केशव कुमार तिवारी के मुताबिक, सुलतानपुर शुकुल बिजौली के घनश्याम तिवारी ने तहरीर में बताया कि लखनऊ में जमीन खरीदने के सिलसिले में शाइन सिटी इंफ्रा के एजेंट ने संपर्क किया था।
इसके बाद घनश्याम ने लखनऊ आकर सीएमडी राशिद नसीम और आसिफ नसीम से मुलाकात की थी। बीकेटी में पैराडाइज गार्डन में किस्तों में प्लॉट देने को कहा गया था।
घनश्याम ने करीब 19 लाख रुपये जमा किए। फिर भी जमीन नहीं दी गई। वहीं, चिनहट निवासी अंजली सिंह ने भी शाइन सिटी में निवेश किया था।
निदेशक राशिद नसीम ने अंजली को मोहनलालगंज में प्लॉट देने की बात कही थी। अंजली से 11 लाख रुपये लिए गए थे। दोनों ने डीसीपी पूर्वी संजीव सुमन से शिकायत की। इस पर उन्होंने मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।
साइबर ठगों ने पांच के खातों से निकाले 81 हजार
कहीं मोबाइल नंबर की केवाईसी अपडेट करने का झांसा देकर कहीं एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर साइबर ठगों ने पांच लोगों के खातों से 81 हजार रुपये साफ कर दिए।
कानपुर रोड के साइबर जालसाजों ने एलडीए कॉलोनी निवासी विवेक सचान के एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर खाते से 20 हजार रुपये निकाले गए। वहीं, नाका के रानीगंज निवासी विजय शंकर के खाते से 16 हजार, इंदिरानगर निवासी हरीश कुमार के खाते से 20 हजार और आशियाना निवासी आनंद तिवारी के खाते से पांच हजार रुपये निकाल लिए। उधर, पीजीआई के वृंदावन कॉलोनी निवासी उदयभान सिंह को जालसाजों ने सिमकार्ड की केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर 20 हजार रुपये खाते से साफ कर दिए। पुलिस सभी मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।