चिनहट खंडीय इलाके में रविवार रात को 400 केवीए के ट्रांसफार्मर से ऑयल और तांबा चोरी हो गया। यानी चोरों ने ट्रांसफार्मर का खोखा निकालकर फेंक दिया और सब कुछ ले गए।
यह कारनामा लेसा के ही ठेकेदार के द्वारा किया जाना प्रतीत हो रहा है। इलाकाई इंजीनियर ने पुलिस में केस दर्ज करा दिया है।
वहीं, इससे गुल बिजली चालू नहीं हो सकी तो सोमवार को ग्रामीणों ने इंजीनियरों का घेराव कर हंगामा किया। बाद में कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली चालू की गई।
चिनहट के जुग्गौर स्थित दयाराम पुरवा के जाफरपुरवा निकट सरकारी ट्यूबवेल के पास लगे ट्रांसफार्मर की रविवार रात को पहले 11 हजार वोल्ट की सप्लाई बंद की गई।
इसके बाद ट्रांसफार्मर का ऑयल निकाल लिया और फिर खोखा बाहर फेंक कर अंदर का तांबे का तार ले गए। इससे लेसा को करीब 5 लाख रुपये से अधिक की चपत लगी है।
सूत्र बताते हैं कि बिल्डर की खातिर इस ट्रांसफार्मर का तेल-तांबा चोरी किया गया है। इससे जब सुबह 10 बजे तक बिजली चालू नहीं हो सकी तो ग्रामीण उपकेंद्र पहुंच गए और हंगामा करने लगे।
दूसरा ट्रांसफार्मर नहीं लगा तो इलाकाई इंजीनियरों को घेर लिया। इसके बाद 250 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति सामान्य की। वहीं, आलमबाग के सिंगारनगर व दुबग्गा में केबल फॉल्ट से तीन-तीन घंटे बिजली संकट रहा।
सिंगारनगर फीडर में यह संकट सुबह 10 बजे हुआ। जिसका समाधान दोपहर एक बजे हो सका। इससे घरेलू एवं व्यवसायिक उपभोक्ता परेशान रहे।
वहीं, दुबग्गा उपकेंद्र के 11 केवी फीडर में फॉल्ट आ गया। इससे दुबग्गा की सुबह 11:30 बजे बिजली बंद हुई जो दोपहर 2:30 बजे चालू हुई।