लखनऊ विश्वविद्यालय के आचार्य नरेंद्र देव छात्रावास के छात्रों ने रविवार देर रात खाने के लिए एक बार फिर से जमकर बवाल किया। एएनडी की मेस दो दिन सेे बंद होने के कारण रविवार रात खाना खाने के लिए छात्रों ने एलबीएस छात्रावास में धावा बोल दिया।
छात्र जैसे ही थाली लेकर खाना खाने बैठे उसी समय एलबीएस के प्रोवोस्ट निशांत राय मौके पर पहुंच गए और छात्रों से थालियां छीन लीं। इससे छात्र आक्रोशित हो गए और हॉस्टल में जमकर बवाल किया।
गुस्साए छात्रों ने छात्रावास के बाहर खड़ी प्रोवोस्ट की स्कूटी तोड़ दी और बाहर निकलकर हंगामा किया। आनन फानन में सूचना पाकर मौके पर पहुंचे प्रॉक्टर विनोद सिंह ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने छात्रों के गुस्से को देखते हुए मौके पर पुलिस बुला लिया। देर रात तक हंगामा चलता रहा।
बवाल के बाद छात्रों ने तोड़ी स्कूटी
- फोटो : amar ujala
मालूम हो कि छात्रों को दो दिनों से मेस बंद होने के कारण खाना नहीं मिल पा रहा है। पहले तो एएनडी छात्रावास के छात्र मेस बंद होने के अगले ही दिन महमूदाबाद हॉस्टल के मेस संचालक ने हॉस्टल में अचानक घुस आए छात्रों से परेशान होकर मेस चलाने से मना कर दिया।
इसके चलते छात्र दिनभर भूखे रहे। इसके बाद रविवार रात का खाना खाने छात्र लाल बहादुर शास्त्री छात्रावास गए, जहां थाली छीने जाने से छात्रों का पारा चढ़ गया। बवाल की सूचना पाकर प्रॉक्टर विनोद सिंह अपनी पूरी टीम और पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और छात्रों को खाने का प्रबंध करने का आश्वासन दिया। लेकिन खाने की व्यवस्था नहीं हो पाई। इसके कारण देर रात तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।