फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखनऊ में छात्राओं से छेड़छाड़ पर बवाल, पथराव-फायरिंग, कई घायल

Thu, 10 Aug 2017 02:31 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
घटनास्‍थल पर मौजूद पुलिस
विज्ञापन
लखनऊ के सआदतगंज के अति संवेदनशील घंटा बेग गढ़ैया इलाके में बुधवार शाम स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ को लेकर दो समुदाय आमने-सामने आ गए। छेड़छाड़ कर रहे शोहदों का दूसरे समुदाय के युवकों ने विरोध किया तो मारपीट होने लगी। इस पर युवक एक शोहदे को उठाकर अपने इलाके में ले गए।
विज्ञापन


जानकारी पर दूसरे समुदाय के युवकों ने वहां जाकर पथराव कर दिया। दूसरे पक्ष से भी फायरिंग हुई जिससे इलाके में भगदड़ व अफरा-तफरी मच गई। मारपीट-पथराव में दोनों पक्ष के आठ-दस लोग लहूलुहान हो गए।

जानकारी पर दोनों तरफ से करीब 400 लोग जुट गए और ढाई घंटे तक बवाल चला। मौके पर एएसपी पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी और सीओ बाजारखाला सहित कई थानों की फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने दोनों तरफ से केस दर्ज करके छह लोगों को गिरफ्तार किया है। घंटा बेग गढ़ैया चौकी इंचार्ज जेपी यादव की तरफ से भी अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
विज्ञापन


एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि झगड़ा पुराना चबूतरा और जवाहरनटोला दाल मंडी निवासी युवकों के बीच हुआ था। शाम करीब साढ़े पांच बजे गंगा देवी विद्या मंदिर और कस्तूरबा इंटर कॉलेज की छात्राएं अपने घर जा रही थीं तभी रास्ते में एक चाट की दुकान पर खड़े जवाहरनटोला में रहने वाले तीन शोहदों ने छेड़छाड़ शुरू कर दी।

गाली-गलौज व मारपीट करने लगे

मिर्जा मार्केट की तरफ से आ रहे पुराना चबूतरा निवासी दूसरे समुदाय के युवकों ने विरोध किया तो शोहदे गाली-गलौज व मारपीट करने लगे। गुस्साए युवक एक शोहदे को पकड़कर पुराना चबूतरा ले गए। शोहदे के साथियों ने फोन कर इलाके के लोगों को बुलवा लिया। करीब 250 लोग पुराना चबूतरा पहुंचे और साथी को छुड़ाकर पथराव शुरू कर दिया।

दूसरे पक्ष से भी 150 के आसपास युवक इकट्ठा हो गए और छतों से पथराव व फायरिंग की जिससे भगदड़ मच गई। इलाके में उपद्रव, पथराव-फायरिंग की सूचना पाकर सआदतगंज सहित आसपास के थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। एएसपी पश्चिम ने इलाकाई लोगों के सहयोग से बवाल शांत कराया। दोनों पक्ष से कई लोग घायल हो गए।

पुलिस ने तीन शोहदों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी को चोटें आई हैं। उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुराना चबूतरा के लोगों की तरफ से 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, पथराव, फायरिंग और बलवे का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया गया है जबकि जवाहरनटोला निवासी महिला ने 150 लोगों के खिलाफ एफआईआर कराई है।

देशी शराब के ठेके पर इकट्ठे होते हैं बवाली, बंद कराया जाएगा
लोगों ने एएसपी पश्चिम से घटनास्थल के पास स्थित देशी शराब के ठेके पर रोजाना उपद्रवियों के एकत्र होने की जानकारी दी। लोगों ने कहा कि ठेके पर अक्सर अराजक तत्वों का जमावड़ा होता है। यहां से शराब पीकर यह लोग इलाके में ही घूमकर हंगामा-बवाल करते हैं। बुधवार शाम छेड़छाड़ करने वाले युवक भी शराब के नशे में धुत थे। इलाकाई लोगों ने ठेका हटाने की मांग की जिस पर एएसपी पश्चिम ने उसे बंद कराने के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत करने का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन

अफवाह फैलने से पहले ही हालात पर पा लिया काबू

- फोटो : amar ujala
उपद्रव के दौरान ही एसएसपी नक्खास इलाके में अधिकारियों व पुलिस फोर्स के साथ गश्त कर रहे थे। दो समुदाय में टकराव की जानकारी मिलते ही उन्होंने सआदतगंज एसओ नीरज ओझा के साथ ही आसपास के थानों की फोर्स, दंगा नियंत्रक वाहन और खुफिया टीम को मौके पर भेज दिया।

एसएसपी ने दोनों पक्ष के लोगों से फोन पर संपर्क कर शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मांगा और अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने के लिए कहा।

माहौल बिगड़ने की आशंका से दंगा नियंत्रक वाहन तैनात
संवेदनशील इलाके में दो समुदायों में टकराव के बाद दंगा नियंत्रक वाहन वज्र तैनात कर दिया गया है। मौके पर कई थानों की फोर्स भी लगाई गई है। देर रात तक पुलिस अधिकारी घंटा बेग गढ़ैया इलाके में पुलिसकर्मियों को सतर्कता के निर्देश देते रहे।

खुफिया को भी चौकन्ना रहने और पल-पल की गतिविधियों की रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। पुलिस इलाके के गणमान्य लोगों से संपर्क रखकर हालात सामान्य बनाने में जुटी है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें