लखनऊ मे पीजीआई की वृंदावन कॉलोनी स्थित एलन हाउस स्कूल में पांच साल की बच्ची के यौनशोषण के मामले में पुलिस ने महिला कर्मी समेत तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है।
जिन्हें गिरफ्तार किया गया है उनमें स्कूल का अकाउंटेंट रकाबगंज का रहने वाला इरफान हुसैन, उन्नाव के पुरवा तारगढ़ का रहने वाला ड्राइवर विकास सिंह और निलमथा के दुर्गापुर की रहने वाली आया सीमा शामिल है।
इंस्पेक्टर जैनुद्दीन अंसारी के मुताबिक इन तीनों को बच्ची ने शिनाख्त परेड के दौरान पहचाना था। इंस्पेक्टर अंसारी के मुताबिक बच्ची दहशत में है। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। इसके चलते वह घिनौनी हरकतें करने वालों को ठीक से पहचान नहीं पा रही थी।
यही वजह थी कि बच्ची के सामने कई बार संदिग्धों की शिनाख्त परेड कराई गई। बृहस्पतिवार को उसने जिस महिला को पहचाना था, शुक्रवार को उसे देखकर बच्ची ने इन्कार कर दिया। पर, जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उन्हें बच्ची ने हर बार पहचाना।
उनके सामने आने पर बच्ची सहम जा रही थी। एक अन्य आरोपी की पहचान कराने के लिए दोबारा शिनाख्त परेड कराई जाएगी। हालांकि, पकड़े गए तीनों लोगों ने खुद को बेगुनाह बताया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।