बालू अड्डा में गंदे पानी से बीमारी फैलने के बाद अब शहर में नाला-नाली के अंदर से जा रहीं पीन के पानी की पाइप लाइनों को हटाया जाएगा और जर्जर लाइन बदली जाएंगी। इनकी स्थिति के आधार पर रेड, येलो और ग्रीन रंग की कोडिंग होगी। 10 से 15 दिन में यह काम पूरा किया जाएगा। महापौर संयुक्ता भाटिया ने समीक्षा बैठक में जलकल महाप्रबंधक को इसके निर्देश दिए। साथ ही बालू अड्डा मामले की जांच जल्द पूरी कर जिम्मेदारी तय करने को कहा।
इसके अलावा महापौर ने हर वार्ड में लगे सबमर्सिबल पंप व टंकियां सफाई कराने के निर्देश जलकल व नगर निगम के अधिकारियों को दिए। उन्होंने पूरे शहर में पेयजल के नमूने लेकर जांच करने व जहां पानी दूषित मिले वहां टैंकर लगाने के निर्देश दिए। महापौर ने जोनल अधिकारियों से कहा कि सभी पड़ाव घरों को साफ किया जाए। इनमें दो घंटे से अधिक कूड़ा डंप न रहे। कूड़ा उठाने के बाद चूने का छिड़काव किया जाए।