बसपा के लालजी वर्मा ने कहा कि बहनजी ने मुख्यमंत्री की अपील पर सबसे पहले बसपा विधायकों से विधायक निधि से 1-1 करोड़ रुपये की मदद का निर्देश दिया था। उन्होंने सर्वदलीय बैठक बुलाने के लिए सरकार को धन्यवाद दिया।
उन्होंने बताया कि सरकार से संक्रमण के रोकथाम व इलाज के लिए समुचित प्रबंध का आग्रह किया गया है और वेंटिलेटर की पर्याप्त व्यवस्था का सुझाव दिया गया है। कोविड संक्रमण से अस्पतालों में ओपीडी बंद होने से अन्य बीमारियों से जुड़े मरीजों का इलाज नहीं हो पाता है। सरकार से अन्य मरीजों के इलाज का भी प्रबंध सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार कोविड-19 से संबंधित जो भी गाइडलाइन जारी करेगी, उसका पालन किया जाएगा।
आलोचना को भी सराहना कहना शर्मनाक : अंसारी
सर्वदलीय बैठक में शामिल कांग्रेस प्रतिनिधि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष सुहेल अख्तर अंसारी ने कहा कि सरकार सिर्फ प्रचार में लगी है। कोरोना में स्वास्थ्य विभाग का प्रबंधन कैसे करना है, सरकार इस पर गंभीर नहीं है। प्रदेश में कोरोना मरीजों को इलाज नहीं मिल रहा है। जांच में बड़े पैमाने पर अनियमितता बरती जा रही है। सरकार कोरोना से होने वाली मौतें छिपा रही है। लखनऊ में शवदाह स्थल पर लंबी कतारें लग रही हैं। टोकन लेकर लोग सुबह से शवदाह के लिए इंतजार करते हैं।
सरकार जनता से मजाक न करे। उन्होंने कहा कि बैठक में मैंने कई कड़े सवाल उठाए हैं। लेकिन सरकार की तरफ से विपक्ष द्वारा कथित सराहना की अफवाह फैलाई जा रही है। यह शर्मनाक है कि सरकार आलोचना को भी सराहना करार दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महामारी में हर सहयोग के लिए तैयार है व प्रतिबद्ध है। सरकार को भी महामारी को गंभीरता से लेना चाहिए।
सर्वदलीय बैठक की सूचना से सपा का इनकार
सपा ने सर्वदलीय बैठक की जानकारी होने से इनकार किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने बताया कि उन्हें बैठक के बारे में कोई सूचना नहीं दी गई। सरकार की गलत नीतियों से लोग परेशान हैं। भाजपा सरकार ने कोरोना नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए हैं। इसी का नतीजा रहा कि अब लोग दम तोड़ रहे हैं। वहीं, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि वे शहर से बाहर हैं। सर्वदलीय बैठक के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।