मृतक विवेक व मामले की जांच करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
अबनपुर सरोहा गांव निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य अभिषेक सिंह ने गांव के ही विवेक सिंह (30) की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान छर्रे लगने से गांव के शैलेंद्र प्रताप सिंह व दीपेंद्र सिंह उर्फ आयुष घायल हो गए। वारदात के पीछे कारण परिवार के ही दो युवकों के बीच हुआ झगड़ा बताया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात की गई है।
अबनपुर सरोहा निवासी शैलेंद्र बहादुर सिंह का बेटा आयुष मंगलवार सुबह हनुमत नगर चौराहा के एक कंप्यूटर सेंटर में कोचिंग पढ़ने गया था। किसी विवाद को लेकर उसी गांव के अभिषेक सिंह के भतीजे शेखर सिंह ने कोचिंग सेंटर के बाहर बुलाकर आयुष को पीट दिया। आयुष ने घटना की सूचना घरवालों को दी। परिजन अभिषेक सिंह के घर गए तो वहां कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया।
शोर सुनकर गांव के विवेक सिंह बीचबचाव के लिए वहां पहुंच गए। इस पर अभिषेक सिंह पक्ष के लोगों ने विवेक को भी पीटना शुरू कर दिया। विवेक के परिवार के लोग बचाने दौड़े, इतने में अभिषेक ने रिपीटर ( कई राउंड फायर वाली बंदूक) से विवेक के ऊपर ताबड़तोड़ गोलियां दाग दीं। एसएसपी राजकरण नैय्यर ने बताया कि मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शैलेंद्र सिंह की तहरीर पर अभिषेक सिंह, शेखर सिंह, अनुभव सिंह व पुत्तू सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
नौ माह की गर्भवती है मृतक विवेक की पत्नी
विवेक की शादी नवंबर 2022 में जौनपुर में हुई थी। उसकी पत्नी नौ माह की गर्भवती है। अगले दो चार दिन में ही डॉक्टर ने प्रसव की तारीख तय की है। मंगलवार को विवेक पत्नी को लेकर डॉक्टर के पास जाने वाला था लेकिन उससे पहले ही यह वारदात हो गई। विवेक किराना स्टोर चलाता था। उसके पिता समर सिंह खेती करते हैं। घटना के बाद उसके परिवार में मातम छाया हुआ है। मंगलवार की देर शाम पोस्टमार्टम के बाद भारी सुरक्षा के बीच शव घर पहुंचा।