बुधवार शाम को करीब चार बजे गाजीपुर जिले की पुलिस टीम लखनऊ पहुंची। टीम ने मेट्रो सिटी के टावर नंबर-20 के दसवीं मंजिल पर स्थित बाहुबली बसपा विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशा अंसारी के फ्लैट को सील कर दिया।
बसपा के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी का मेट्रो सिटी स्थित एक करोड़ के फ्लैट को पुलिस ने सील कर लिया है। गिरोहबंद अधिनियम के तहत गाजीपुर जिले की पुलिस ने बुधवार शाम को मुनादी कराकर कार्रवाई की। इसके बाद फ्लैट को सील कर तहसीलदार सदर को चाबी सुपुर्द कर दी है।
विज्ञापन
अतिरिक्त निरीक्षक महानगर ओमप्रकाश सिंह के मुताबिक बुधवार शाम को करीब चार बजे गाजीपुर जिले की पुलिस टीम लखनऊ पहुंची। टीम ने मेट्रो सिटी के टावर नंबर-20 के दसवीं मंजिल पर स्थित बाहुबली बसपा विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशा अंसारी के फ्लैट को सील कर दिया।
गाजीपुर जिलाधिकारी द्वारा किये गये गिरोहबंद अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई की सूचना लाउडस्पीकर पर उद्घोषित की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने 10वीं मंजिल पर जाकर फ्लैट पर ताला बंदी व सीलबंदी की कार्रवाई की। आधे घंटे तक चले इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सदर ज्ञानेंद्र सिंह भी मौजूद थे। गाजीपुर पुलिस ने सीलबंदी की कार्रवाई करने के बाद तहसीलदार सदर को सुपुर्द कर दिया।
विज्ञापन
मंगलवार को गाजीपुर में की गई थी कार्रवाई
गाजीपुर जिले की पुलिस ने माफिया मुख्तार अंसारी के खिलाफ गिरोहबंद की कार्रवाई की है। मुख्तार अंसारी का गिरोह आईएस डी-191 के नाम से दर्ज है। मंगलवार को गाजीपुर जिले के सैयदबाड़ा स्थित आवास को पुलिस ने कुर्क करने के लिए जब्त कर लिया था। जिसकी लागत करीब 1.18 करोड़ रुपये है। वहीं बुधवार को मेट्रो सिटी स्थित एक करोड़ रुपये के फ्लैट को जब्त कर लिया गया है। इसके पहले हजरतगंज के डालीबाग स्थित मुख्तार अंसारी के दोनों बेटों के नाम से दर्ज दो टावर को गिराने की कार्रवाई भी की गई है।