बसपा के पूर्व सांसद राकेश पांडेय, भाजपा की बहराइच विधायक माधुरी वर्मा, पूर्व एमएलसी कांति सिंह सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने सोमवार को सपा की सदस्यता ली। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इन सभी को सदस्यता दिलाई। अंबेडकर नगर के बसपा के पूर्व सांसद राकेश पांडेय कुछ समय पहले सपा के कार्यक्रम में हिस्सा लिए थे। तभी से उनके साइकिल पर सवार होने की बात कही जा रही थी। सोमवार को उन्होंने विधिवत सदस्यता ग्रहण किया। भाजपा की बहराइच से विधायक माधुरी वर्मा ने भी सोमवार को सपा की सदस्यता ले ली। इससे पहले भाजपा के सीतापुर विधायक राकेश राठौर, संतकबीर नगर से जय चौबे भी सपा की सदस्यता ले चुके हैं।
इन्होंने भी ली सदस्यता
सपा की सदस्यता लेने वालों में पूर्व एमएलसी कांति सिंह, बसपा से सैय्यदा खातून, पूर्व विधायक ब्रजेश मिश्रा, पूर्व प्रमुख किशन पाल जाटव, ओमवीर, केके उपाध्याय, रामवीर कर्दम, डॉ0 श्याम सुन्दर कर्दम, मुजीब अहमद, पसमांदा मुस्लिम समाज के अनीस मंसूरी, मुसाफिर चौहान, डॉ मेराज अली एवं नसीर सेफ , सुधीर गौतम, तारिक किदवई, फराजुद्दीन किदवई, गजराज नागर, जौनपुर के पूर्व ब्लाक पर्रमुख समरनाथ यादव, ब्राह्मण महसभा के जिलाध्यक्ष प्रमोद रिछरिया, निषाद पार्टी को मंडल कोआर्डिनेटर गोविंद निषाद, देश बचाओ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र पंवार ने सदस्यता ली। इसी तरह विशाल पार्टी एवं अखंड जलवंशी समाज ने समाजवादी पार्टी को समर्थन दिया। मत्यजीवी सहकारी समिति के चेयरमैन जनार्दन निषाद एवं महेंद्र निषाद, भाजपा के प्रवक्ता जय प्रकाश पांडे आदि ने भी सपा की सदस्यता ली।
सपा सरकार आने पर जातीय जनगणना होगी
सपा कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनी तो जातीय जनगणना करवाई जाएगी। सपा को जनता का समर्थन मिल रहा है। जबकि प्रधानमंत्री और दूसरे भाजपा नेताओं की रैलियों में सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए भीड़ लाई जा रही है। सपा का विजयरथ चल रहा है और अपार जनसमूह हमारे साथ आ रहा है। प्रदेश का युवा और किसान सभी परेशान हैं। तीन महीने बाद प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होना तय है। जनता ने ये बता दिया है। यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार यूपी आ रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि उनकी जमीन खिसक रही है।
इस मौके पर सपा अध्यक्ष के साथ सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर सहित कई बड़े नेता मौजूद थे। उम्मीद की जा रही है कि इसी सप्ताह चुनाव आयोग आचार संहिता की घोषणा कर देगा। आयोग के अफसरों ने प्रदेश का दौरा किया और कहा कि कोरोना की आशंका के कारण चुनाव टालने की कोई योजना नहीं है। चुनाव तय समय पर ही होंगे।