शाइन सिटी ग्रुप ऑफ कंपनीज में लोगों को निवेश करने पर डेढ़ साल में रकम दो गुना करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये हड़प लिये। कंपनी के दो एसोसिएट को एसटीएफ ने मंगलवार देर रात को पीजीआई इलाके के शनि मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हजारों लोगों से 100 करोड़ निवेश कराने की बात कुबूल की है। दोनों के खिलाफ गोमतीनगर थाने में मुकदमा दर्ज है।
एसटीएफ पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार नागर के मुताबिक एसटीएफ और ईओडब्ल्यू की टीम ने शाइन सिटी के एसोसिएट कैंट क्षेत्र के छोटी लाल कुर्ती निवासी शाहिद और रामदास का हाता निवासी तौसिफ को पीजीआई के शनि देव मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वह वर्ष 2016 से शाइन सिटी ग्रुप ऑफ कंपनीज में एसोसिएट के रूप में कार्य कर रहे थे।
दोनों ने कंपनी में रुपये निवेश कराने के लिए ग्राहकों को विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर रुपये निवेश कराते थे। जिसके बदले में उनको कंपनी की तरफ से मोटा कमीशन मिलता था। कंपनी के सीएमडी राशिद नसीम व एमडी आसिफ नसीम है। गोमतीनगर पुलिस ने करीब एक नवंबर को कंपनी के एमडी आसिफ नसीम को प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। वह जेल में है।
कंपनी ने 2013 से लेकर 2019 तक कई योजनाएं लॉन्च की। जिसमें सस्ते दाम पर (ईएमआई के माध्यम से, बाई बैक प्लान अभी प्लाट खरीदने परं डेढ़ वर्ष बाद कंपनी डेढ़ गुना कीमत पर वापस ले लेगी) पीआईपी प्लान, एसबीसी, क्रिप्टो करेन्सी ( वर्चुवल करेन्सी) , गीत ज्वैलरी एक खदीरने पर एक फ्री, कार डिस्काउन्ट ऑफर आदि योजनाएं शामिल हैं। जिसमें लोगों से निवेश कराते थे। देते थे। निवेश कराने पर सभी एसोसिएट को डायरेक्ट सेल पर पांच प्रतिशत और बाइनरी पर 3.2 प्रतिशत कमीशन दिया जाता था।
शाइन सिटी ग्रुप ऑफ कंपनीज के खिलाफ सिर्फ गोमतीनगर थाने में 375 मुकदमें दर्ज हैं। वहीं पूरे प्रदेश में कंपनी के खिलाफ करीब 4000 मामले दर्ज किये गये है। जिनकी जांच ईओडब्ल्यू कर रही है। वहीं कंपनी के सीएमडी राशिद नसीम के प्रत्यर्पण के लिए भी ईओडब्ल्यू की टीम लगी हुई है।