एसटीएफ ने बुधवार को मुंशी पुलिया के पास से एक स्मैक तस्कर को दबोचा। उसकेपास से करीब 75 लाख रुपये का एक किलो स्मैक बरामद किया है। वहीं उसके पास नेपाली मुद्रा, एटीएम कार्ड, बाइक व नकदी मिली है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
एसटीएफ के डिप्टी एसपी दीपक कुमार सिंह के मुताबिक सूचना मिली कि नेपाल से मादक पदार्थ लाकर लखनऊ में बेचा जा रहा है। इसी सूचना पर उनकी टीम कई दिनों से काम कर रही थी। सर्विलांस और मुखबिर की मदद से बुधवार को एसटीएफ की टीम ने मुंशी पुलिया के पास से पल्सर सवार एक युवक को पकड़ा। उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से एक किलो से अधिक की स्मैक मिली। बरामद की गई स्मैक की कीमत इंटरनेशनल मार्केट में 75 लाख रुपये बताई गई है।
पकड़ा गया आरोपी बहराइच रुपईडीहा निवासी गुलाम अली खान है। आरोपी ने कुबूल किया कि वह इस कारोबार में पिछले चार से जुड़ा है। आरोपी गुलाम की शादी नेपालगंज में हुई है। वहीं से स्मैक मुश्ताक व अन्य से सस्ते दाम पर खरीदकर ऊंचे दाम में लखनऊ में बेचता है। पकड़ा गया आरोपित पहले भी तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। एसटीएफ की टीम ने आरोपित को गाजीपुर पुलिस के हवाले कर दिया है। वहीं लखनऊ में उसके नेटवर्क की कुंडली खंगाल रही है।