सरकार ने पांच नगर पालिका परिषदों व 7 नगर पंचायतों के सीमा विस्तार और 6 नई नगर पंचायत के गठन को मंजूरी दे दी। यह फैसला शनिवार को कैबिनेट बाई सर्कुलेशन किया गया है। मंत्रिपरिषद ने जिन पांच नगर पालिका परिषदों के सीमा विस्तार को मंजूरी दी है उसमें बागपत जिले की बागपत और बड़ौत, गोंडा की करनैलगंज, अयोध्या की रुदौली और हरदोई शाहाबाद नगर पालिका परिषद शामिल हैं।
बागपत व बड़ौत नगर पालिका परिषद में चार-चार गांव को शामिल किया गया है। गोंडा की करनैलगंज नगर पालिका परिषद में सात गांव, अयोध्या के रुदौली नगर पालिका परिषद में 25 गांव और हरदोई जिले की शाहाबाद नगर पालिका परिषद में 17 गांव को शामिल कर सीमा विस्तार किया गया है।
इस निर्णय में किसी तरह के संशोधन व परिवर्तन के लिए नगर विकास मंत्री को अधिकृत किया गया है। इसी तरह सात नगर पंचायतों का भी सीमा विस्तार किया गया है। बाराबंकी की जैदपुर व फतेहपुर, मथुरा की राधाकुंड, जालौन की कोटरा, अंबेडकरनगर की इल्तिफातगंज, अलीगढ़ की इगलास और इटावा जिले की इकदिल नगर पंचायत का सीमा विस्तार किया गया है।
सरकार का दावा है कि इस निर्णय से क्षेत्र में रोजगार के अवसर पैदा होंगे, सुविधाओं और संसाधनों में बढ़ोत्तरी होगी।