एलडीए ग्रीन कॉरिडोर पर काम शुरू कराने की तैयारी में है। इसके लिए जहां जरूरी वित्तीय अनुमोदन से पहले इसी सप्ताह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पूरी योजना का प्रजेंटेशन दिया जाना है।
वहीं, सेना से भी पिपराघाट से शहीद पथ के बीच बंधा के लिए जमीन लीज पर लिए जाने के लिए प्रस्ताव भेजने पर सहमति बनी है।
इधर, सिंचाई विभाग ने बसंतकुंज में 140 मीटर सेक्शन में बंधा बनाने का काम शुरू करा दिया है। पीडब्ल्यूडी को भी अब गऊघाट पर एलीवेटेड सेक्शन पर काम शुरू कराने के लिए कहा गया है।
बृहस्पतिवार को एलडीए में वीसी अक्षय त्रिपाठी ने टाटा कंसल्टेंट्स इंडिया से ग्रीन कॉरिडोर पर प्रजेंटेशन लिया। इसमें सभी विभागों से सूचना भी ली है।
आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री से भी प्रजेंटेशन के लिए समय तय करने के लिए फाइल भेज दी गई है। यह प्रजेंटेशन अलग-अलग विभागों से मिलने वाली वित्तीय अनुमोदन के लिए भी महत्वपूर्ण है।
एलडीए के अफसरों का कहना है कि सबसे पहले सेना को एक प्रस्ताव भेजा जा रहा है। इसमें लीज पर बंधा के लिए जमीन सेना से ली जाएगी। सेना संग संयुक्त सर्वे कर लिया गया है। लीज पर जमीन दिए जाने के लिए सेना के अधिकारी भी सहमत हैं।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के सामने भी एक प्रस्ताव आवास विभाग और एलडीए के अधिकारी रखेंगे। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बसंतकुंज में अधूरे 140 मीटर सेक्शन पर बंधा निर्माण का काम शुरू हो गया है।
इससे दाएं तट पर हार्डिंग ब्रिज से आईआईएम रोड तक बंधा का काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद यहां ग्रीन कॉरिडोर का निर्माण भी पीडब्ल्यूडी शुरू करा सकता है। वीसी ने पीडब्ल्यूडी को भी पूर्व में बनी सहमति के मुताबिक गऊघाट पर काम शुरू करने के लिए कहा है।