लखनऊ। तालकटोरा के राजाजीपुरम निवासी कपड़ा व्यवसायी सचिन चोपड़ा (45) की घर के अंदर पिटाई के बाद शुक्रवार को हत्या कर दी गई थी। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई थी। वारदात के चौथे दिन भाई रोहित ने थाने में तहरीर देकर सचिन की पत्नी पर आरोप लगाया है। पुलिस ने सोमवार को पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मकान की तलाशी लेने और पत्नी से पूछताछ की तैयारी मेें जुट गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक तालकटोरा अशोक कुमार सरोज के मुताबिक, अमीनाबाद के गन्ने वाली गली निवासी रोहित चोपड़ा ने रविवार देर रात तहरीर दी। रोहित के मुताबिक, राजाजीपुरम में उनके भाई सचिन चोपड़ा, पत्नी रिनी चोपड़ा व बेटे के साथ रहते थे। 6 अगस्त की सुबह 5 बजे सचिन की पत्नी रिनी ने कॉल किया और कहा कि आप लोग जल्दी आ जाइये, कुछ हो गया है। रोहित, पिता और अपनी पत्नी के साथ वहां पहुंचा। रोहित के मुताबिक, जब वह भाई के आवास पर पहुंचे तो कमरे में बेड पर उनके भाई सचिन का शव पड़ा था। पास में सचिन की पत्नी रिनी चोपड़ा बैठी थी। ऊपर पंखे से एक नायलॉन की पतली रस्सी लटक रही थी। रिनी ने बताया कि सचिन ने रात करीब 3.10 बजे फांसी लगा ली। इसी बीच उनके पिता विजय चोपड़ा और रोहित की पत्नी भी पहुंच गई। रिनी की बात पर यकीन नहीं हुआ तो उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर गए जहां डॉक्टराें ने मौत की पुष्टि कर दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई हत्या की पुष्टि
रोहित के मुताबिक, जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो उसमें गला घोंटकर हत्या करने व पिटाई की पुष्टि हुई। शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले। रोहित के मुताबिक, घर पर सिर्फ सचिन और उसकी पत्नी रिनी थी। ऐसे में आशंका है कि सचिन की हत्या रिनी ने ही की है। एडीसीपी पश्चिम राजेश श्रीवास्तव के मुताबिक, पुलिस व फॉरेंसिक टीम पूरे घर की तलाशी व पड़ताल करेगी। पत्नी रिनी से भी पूछताछ होगी।
मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
एडीसीपी के मुताबिक, सचिन की हत्या के मामले में उनके मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। वहीं सचिन की पत्नी रिनी चोपड़ा सहित कई अन्य करीबियों के मोबाइल नंबर की डिटेल खंगाली जा रही है। करीब 11 मोबाइल नंबर इस मामले में अभी तक रडार पर लिए गए हैं। जिनकी कॉल डिटेल व मेसेज के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए संबंधित टेलीकॉम कंपनियों से रिपोर्ट मांगी गई है। जल्द ही रिपोर्ट आ जाएगी।
कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
कपड़ा कारोबारी सचिन चोपड़ा की हत्या में कई सवाल अनसुलझे हैं। इसमें पति की हत्या अकेले पत्नी ने कैसे की? क्या वारदात के दौरान कोई वहां और मौजूद था? सचिन की पिटाई किसने की? किस बात पर विवाद हुआ? पत्नी रिनी चोपड़ा आखिर पति की हत्या क्यों छिपा रही थीं? हत्या के पीछे की वजह क्या है? आखिर पंखे के कुंदे में पतली रस्सी को किसने लटकाया? वहीं पुलिस को अभी तक यह भी नहीं पता चल सका है कि आखिर रात के तीन बजे पति-पत्नी के बीच किस बात पर विवाद हुआ? इन सब सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस सचिन चोपड़ा की पत्नी रिनी से पूछताछ करेगी।