लखनऊ मे महिलाओं की सुरक्षा चाक चौबंद बनाने के लिए 2.5 करोड़ की लागत से सेफ सिटी का कंट्रोल एंड कमांड सेंटर तैयार होगा। इसके माध्यम से शहर में महिलाओं की सुरक्षा को चिहि्नत 150 स्थानों पर लगने वाले गुप्त (हिडेन) कैमरों का संचालन होगा।
इसके साथ ही शहर में महिलाओं की सुविधा को बन रहे 74 पिंक टॉयलेट व 100 पिंक बूथों के संचालन पर भी प्रस्तावित सेफ सिटी के कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से ही नजर रखी जाएगी।
यह जानकारी मंडलायुक्त मुकेश कुमार मेश्राम ने दी। उन्होंने बताया कि लखनऊ सेफ सिटी परियोजना के अंतर्गत इंटीग्रेटेड स्मार्ट कंट्रोल रूम का हाईटेक संचालन होगा।
स्थापित इंट्रीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर व इंट्रीग्रेटेड ट्रैफिक कंट्रोल एंड कमांड सेंटर की उपयोगिता बढ़ाने के लिए लालबाग स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय के कैंपस में ही एक नया भवन ब्लॉक निर्मित कर कंट्रोल सेंटर का संचालन होगा।
मंडलायुक्त ने बताया कि इस व्यवस्था से तीनों कमांड सेंटर एक ही स्थान पर हो जाएंगे, जिससे उनसे मिलने वाले परिणामों की बेहतर और प्रभावी समीक्षा होने से उसका अधिक लाभ भी मिलेगा।