सुल्तानपुर जिले के कादीपुर कोतवाली अंतर्गत एक गांव में मंगलवार की सुबह घर में सो रही तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ पड़ोसी गांव के एक युवक ने दरिंदगी की।
इस बीच बच्ची की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया। घटना के समय बच्ची की मां खेत गई थी। आनन-फानन में मासूम बच्ची को सीएचसी पहुंचाया गया जहां चिकित्सक ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिलाधिकारी रवीश गुप्ता और एसपी शिवहरी मीणा ने जिला महिला अस्पताल पहुंचकर बच्ची का हाल लिया और चिकित्सक को इलाज में किसी तरह की कोताही नहीं होने के निर्देश दिये। ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया है। सीएमओ ने बताया कि बच्ची की हालत स्थिर बनी हुई है।