श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की हालत गंभीर है। उन्हें सोमवार को मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। यहां डाक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।
महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत सोमवार को खराब हो गई। सांस लेने में तकलीफ और सीने में दर्द होने अयोध्या के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें शहीद पथ स्थित मेदांता हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि महंत नृत्य गोपाल दास को इमरजेंसी में ले आया गया । जांच के दौरान उनका ब्लड प्रेशर लो पाया गया। हृदय गति तेज और सांस लेने में तकलीफ थी। उन्हें इंटेंसिव केयर यूनिट में भर्ती किया गया है।
जांच के दौरान दोनों पैरों में वेनस थ्रांबोसिस पाई गई है। यह एक तरह से नसों से जुड़ी बीमारी होती है। उनकी निगरानी के लिए एक टीम गठित की गई है। इस टीम में क्रिटिकल केयर, कार्डियोथोरेसिक सर्जन, पलमोनरी और इंटरनल मेडिसिन विभाग की टीम शामिल है। यह टीम अन्य जांचें करा रही है। मरीज की स्थिति और जांच रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा।