एनजीओ के नाम पर लखनऊ में चिनहट की आसमां से 11595 रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़िता का कहना है कि तीन साल पहले आर्थिक मदद के नाम पर उनसे रुपये वसूले गए थे।
रुपये वापस मिले न ही आर्थिक मदद हुई। वह केस दर्ज कराने थाने पहुंची तो पुलिस ने टरका दिया। उसने मुख्यमंत्री कार्यालय में भी शिकायत की है। आसमां ने बताया कि उन्हें किसी परिचित ने एनजीओ के बारे में जानकारी दी थी।
उसने बताया था कि उक्त संस्था लोगों की आर्थिक मदद करती है। अक्तूबर 2015 को उन्होंने एनजीओ के नंबर पर संपर्क किया तो अमित अहूजा नाम के व्यक्ति से बात हुई।
अमित ने बताया कि एनजीओ का ऑफिस मुंबई में है। आसमां ने अपनी समस्या बताते हुए 10 लाख रुपये मांगे। अमित अहूजा उसकी मदद को तैयार हो गया।