लखनऊ में गुरुवार को लोकबंधु अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ व सूचना विभाग के अधिकारी समेत 76 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि दो बुजुर्गों समेत चार की मौत हो गई। मलिहाबाद के बुजुर्ग की रिपोर्ट उनकी मौत के बाद पॉजिटिव आई। वहीं, केजीएमयू में हरदोई निवासी वृद्ध की सांसें थम गईं।
इसके अलावा पीजीआई के एपेक्स ट्रॉमा में भर्ती सिद्धार्थनगर निवासी 50 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। वहीं, संक्रमितों में सरकारी एंबुलेंस सेवा के दफ्तर दस कर्मचारी भी हैं। आरपीएफ के तीन जवान भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं।
उधर, लोहिया संस्थान के गैस्ट्रोसर्जरी विभाग के तीन कर्मचारियों में संक्रमण से हड़कंप मचा है। तीनों को भर्ती कर यूनिट को सैनिटाइज कर 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। इसके अलावा तेलीबाग के एक ही परिवार के सात लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं, कुंडरी रकाबगंज के एक परिवार के सात सदस्यों की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
यहां भी मिले संक्रमित
गोमतीनगर के 6, इंदिरानगर के 5, एलडीए कॉलोनी के 4, वृंदावन योजना के 5 लोगों में कोरोना संक्रमण मिला। जानकीपुरम, राजाजीपुरम, नादरगंज, जेहटा रोड, निरालानगर व डालीगंज में दो-दो मरीज संक्रमित मिले हैं। अलीगंज, कल्याणपुर, तेलीबाग, बालागंज, मेंहदीगंज व आलमबाग में एक-एक कोरोना मरीज मिला। इसके अलावा दो मरीज अन्य इलाकों के मिले। वहीं,गुरुवार को 38 मरीजों ने कोरोना को मात देकर घर लौट गए।