Uttar Pradesh News Today: उत्तर प्रदेश की आज की खास खबरें
- फोटो : amar ujala
योगी सरकार ने आज एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए राज्य की सरकारी सेवाओं में छह महीने तक हड़ताल पर रोक लगा दी है। सीएम योगी ने कहा कि यूपी में तीसरी लहर की वेब को रोकने के लिए अस्पतालों में समुचित व्यवस्था की जा रही है। उधर, मथुरा में एक टू सीटर विमान की इंजन में खराबी आने पर यमुना एक्सप्रेसवे पर आपातकालीन लैडिंग कराई गई। इसके अलावा स्मार्ट फोन खरीद मामले में मंत्री व प्रमुख सचिव के आमने-सामने आ जाने की चर्चा सोशल मीडिया पर आने के बाद हड़कंप मच गया है। बलिया से भाजपा विधायक एक बार फिर चर्चा में है। पांच दिनों से गेहूं की सरकारी खरीद बंद होने से नाराज विधायक धरने पर बैठ गए हैं।
सरकारी कर्मचारी छह महीने तक नहीं जा सकेंगे हड़ताल पर
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य की सरकारी सेवाओं में छह महीने तक हड़ताल पर रोक लगा दी है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। अपर मुख्य सचिव कार्मिक मुकुल सिंघल ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। अपर मुख्य सचिव ने कहा है कि राज्य के कार्यकलापों से संबंधित लोकसेवा, सरकार के स्वामित्व या नियंत्रणाधीन किसी निगम के अधीन किसी सेवा तथा किसी स्थानीय प्राधिकरण के अधीन सेवा में छह माह के लिए हड़ताल पर रोक लगाई जाती है।
तीसरी लहर के लिए तैयार है उत्तर प्रदेश, अस्पतालों में है पर्याप्त बेड
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिद्धार्थनगर जिले के जोगिया गांव के प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर निगरानी समिति के लोगों के साथ मुलाकात की और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोगिया का निरीक्षण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री बस्ती के लिए रवाना हुए। उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर के लिए उत्तर प्रदेश ने तैयारी पूरी कर ली है। अस्पतालों में पर्याप्त बेड, आक्सीजन के साथ बच्चों के लिए भी मेडिकल किट की व्यवस्था की गई है। सीएम ने कहा कि लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। वैक्सीन को लेकर कोई भ्रम नहीं फैलना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों का जीवन और आजीविका बचाना सरकार की प्राथमिकता है।
यमुना एक्सप्रेसवे पर टू सीटर विमान की आपात लैंडिंग
मथुरा के नौहझील क्षेत्र में गुरुवार दोपहर को यमुना एक्सप्रेसवे पर टेलीक्रास कंट्री फ्लाइट् कंपनी के टू सीटर एयरक्राफ्ट (विमान) माइल स्टोन-72 के पास आपातकालीन लैडिंग कराई गई। विमान के इंजन में खराबी आने के कारण इसे एक्सप्रेसवे पर उतारा गया। आपातकालीन लैडिंग के दौरान एक्सप्रेसवे पर दोनों तरफ से वाहनों के आवागमन को 30 मिनट के लिए रोक दिया गया। विमान की एक्सप्रेसवे पर लैडिंग होने के बाद वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। इस एयरक्राफ्ट ने अलीगढ़ के धनीपुर मंडी से उड़ान भरी थी। हरियाणा के नारनौल से लौटकर इसे अलीगढ़ जाना था।
स्मार्ट फोन खरीद में मंत्री व प्रमुख सचिव आमने-सामने, पीएमओ पहुंचा विवाद
पोषण मिशन के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए खरीदे जा रहे स्मार्ट फोन के लिए कराए जा रहे टेंडर में अनियमितता की शिकायत को लेकर विभागीय मंत्री व प्रमुख सचिव आमने-सामने आ गईं हैं। टेंडर से बाहर हुई एक कंपनी की शिकायत पर मंत्री द्वारा टेंडर रोकने को लेकर लिखे गए पत्र को दरकिनार कर टेंडर खोलने का मामला प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंच गया है। शासन द्वारा टेंडर निरस्त न करके फाइनेंसियल बिड खोलने से नाराज मंत्री भी हर हाल में इस प्रक्रिया को रद्द कराने का रास्ता ढूंढ रही हैं। ऐसे में इस विवाद के अभी और गहराने के आसार दिख रहे हैं। स्मार्ट फोन खरीद की प्रक्रिया से बाहर हुई फोन निर्माता कंपनी ‘लावा’ ने टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायत की है। अपने ही मातहतों द्वारा निर्देशों की अनदेखी से नाराज मंत्री अब टेंडर निरस्त कराने पर अड़ गई हैं। हालांकि मंत्री के दबाव में ही अभी तक किसी कंपनी को टेंडर आवंटित नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि मोबाइल कंपनी की शिकायत पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी इस मामले में रिपोर्ट मांगी है। इससे पहले कंपनी ने पीएमओ और नीति आयोग में भी शिकायत दर्ज कराई है।
मंडी परिसर में धरने पर बैठे भाजपा विधायक
बलिया जिले के बैरिया से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह पिछले पांच दिनों से रानीगंज उपमंडी समिति सोनबरसा में किसानों के गेहूं की सरकारी खरीद बंद होने से नाराज होकर मंडी परिसर में धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों से गेहूं की खरीद शुरू नहीं होगी मेरा सत्याग्रह जारी रहेगा। विधायक के डर से कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर आने का साहस नहीं जुटा पा रहा था। बताया जाता है कि पिछले पांच दिनों से बिना किसी सूचना के क्रय केंद्र पर गेहूं की खरीदारी के लिए नियुक्त अधिकारी और कर्मचारी क्रय केंद्र पर ताला बंद कर गायब हो गए थे। तब से दर्जनों किसान अपना-अपना गेहूं ट्रैक्टर पर लादकर विपणन केंद्र पहुंचे थे। रात दिन उन्हीं के इंतजार में क्रय केंद्र पर इंतजार कर रहे थे। कुछ किसानों ने इसकी सूचना विधायक को दी, जिस पर विधायक वहां पहुंच गए।