गोमतीनगर के फन मॉल में नए साल का जश्न मनाने गए तीन छात्रों ने बहन के साथ आई पुलिस अफसर से छेड़खानी कर दी।
पुलिस अफसर ने बहन की मदद से तीनों शोहदों को दबोचा। पिटाई करके थाने पहुंचा दिया। पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में तीनों के खिलाफ कार्रवाई की है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फन मॉल में नए साल का जश्न मनाने पहुंचे तीन छात्रों ने पहले जमकर बीयर पी। इसके बाद भीड़ के बीच जाकर महिलाओं से छेड़खानी करने लगे।
इस बीच एक पुलिस अफसर अपनी बहन के साथ मॉल में पहुंची। दोनों बहनों ने थोड़ी देर टहलने के बाद रेस्टोरेंट में खाने का इरादा बनाया था। नशे में धुत तीनों छात्र उनके पीछे लग गए।
अश्लील गानों के साथ फब्तियां कस रहे छात्रों को दोनों बहनों ने नजरअंदाज किया। इससे उनके हौसले बढ़ गए और नजदीक आकर छेड़खानी करने लगे।
इस पर पुलिस अफसर अचानक पलटी और दो छात्रों को पकड़ लिया जबकि उनकी बहन ने एक को दबोचा। पुलिस को सूचना देने के साथ दोनों बहनों ने तीनों शोहदों की जमकर पिटाई की।
उन्हें अपनी गाड़ी में लादकर थाने ले गई। थाने पहुंचते ही शोहदों का नशा उतर गया। उन्होंने खुद को एक नामचीन कॉलेज का छात्र बताकर अपने भविष्य की दुहाई देकर माफी मांगनी शुरू की। छात्रों को पैर पकड़कर गिड़गिड़ाते देख पुलिस अफसर का दिल पसीज गया।
उन्होंने छेड़खानी का मामला दर्ज कराने के बजाय तीनों छात्रों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई के निर्देश दिए और बहन के साथ चली गई। एसओ गोमतीनगर का कहना है कि छात्रों को सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया।