धान खरीद व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जिलाधिकारी अपने जिले में क्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें। खरीद प्रक्रिया का फीडबैक शासन को भेजें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धान खरीद में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी क्रय केंद्रों पर पूरी पारदर्शिता के साथ धान खरीद करने के निर्देश दिए। वह अपने आवास पर मंगलवार को धान खरीद व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के लिए किसानों का हित सर्वोपरि है। लिहाजा धान खरीदने वाली संस्थाएं सुनिश्चित करें कि क्रय केंद्र समय से संचालित हों। तौल के 72 घंटे के भीतर किसानों को हर हाल में भुगतान हो जाना चाहिए। सभी जिलाधिकारी अपने जिलों में क्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें। मंडलायुक्त भी केंद्रों पर जाकर किसानों से संवाद करें और धान खरीद प्रक्रिया का फीडबैक लेकर शासन को भेजें।
यह भी पढ़ें- जेवर एयरपोर्ट: मुख्यमंत्री योगी ने तैयारियों का लिया जायजा, 25 नवंबर को शिलान्यास करेंगे पीएम मोदी
बैठक में उन्हें बताया गया कि इस वर्ष अब तक 1461 करोड़ 09 लाख रुपये का 7.52 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। किसानों को अब तक 808 करोड़ 56 लाख रुपये का भुगतान हो चुका है। धान कुटाई के लिए अब तक 1265 मिलों के आवेदन मिले हैं। इनमें से 1063 मिलों के सत्यापन का काम पूरा हो चुका है।