मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को पुराने जमाने का प्रशिक्षण देकर उनका वक्त खराब नहीं किया जाएगा। प्रदेश सरकार युवाओं को आईटीआई में अत्याधुनिक प्रशिक्षण दिलाएगी ताकि वे प्रशिक्षण पूरा करते ही रोजगार हासिल कर सकें। वे अपने जीवन यापन के साथ ही देश व प्रदेश के विकास में अपनी भूमिका निभा सकें। योगी रविवार को टाटा टेक्नोलॉजी और राज्य सरकार के बीच हो रहे एमओयू के दौरान बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टाटा टेक्नोलॉजी ने उच्च गुणवत्तायुक्त प्रशिक्षक उपलब्ध कराएं हैं। इससे आईटीआई के छात्रों के साथ ही उनके प्रशिक्षकों को भी फायदा मिलेगा। यह परियोजना उत्तर प्रदेश को प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि टाटा समूह और राज्य सरकार मिलकर इस परियोजना के जरिए टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य की शुरुआत की है। इससे युवाओं की रोजगार क्षमता में सुधार करने में मदद मिलेगी। इस दौरान व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के प्रमुख सचिव सुभाष चंद्र शर्मा, टाटा के एमडी वारेन हैरिस, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
150 आईटीआई के उन्नयन के लिए एमओयू
प्रदेश के 150 राजकीय आईटीआई के उन्नयन के लिए राज्य सरकार एवं टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के बीच रविवार को एमओयू हुआ है। यह एमओयू 10 साल के लिए है। इसके तहत चयनित आईटीआई में आधुनिक प्रकृति की मशीनें, उपकरण व सॉफ्टवेयर आदि को स्थापित किया जाएगा। स्मार्ट कक्ष का निर्माण कराया जाएगा। यह मार्च 2023 से शुरू हो जाएगा। परियोजना के तहत 11 नए आईटीआई ट्रेडस तथा 23 शॉर्ट टर्म कोर्स शुरू किए जाएंगे।
पुलिस बल में अब तीन गुना महिलाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि फोर्स में कहावत है, जितना पसीना ट्रेनिंग में बहेगा, बाद में खून बहाने की नौबत नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के मुकाबले वर्तमान में पुलिस बल में तीन गुना महिलाएं हैं। हम नगर विकास के साथ मिलकर सेफ सिटी कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहे हैं। सरकार आपको फोरेंसिक साइंस का प्रशिक्षण भी देगी। उन्होंने किसी अतिथि के साथ दुर्व्यवहार न हो, लोग ट्रैफिक जाम में न फंसे और कोई अराजकता या गुंडागर्दी न हो तो हमें मानना चाहिए कि हम सही दिशा में काम कर रहे हैं।
बेरोजगारी दर घटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मिशन रोजगार के माध्यम से प्रदेश की बेरोजगार दर को 19 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत तक लाने में सफल रही। इसके तहत छह साल में पांच लाख से अधिक लोगों को सरकारी नौकरी दी गई। साथ ही 1.61 करोड़ नौजवानों को निजी क्षेत्र में नौकरी व रोजगार प्राप्त हुआ। इसके अलावा 60 लाख से अधिक नौजवानों को स्वरोजगार से जोड़ा गया।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सेवा से ही हमें संतुष्टि मिलती है। आपसे कई लोग सिफारिश करेंगे। ध्यान रखिएगा कि न्याय के आगे हर रिश्ता बेमानी होता है। डीजीपी डीएस चौहान ने कहा कि आप बिना किसी को रिश्वत दिए मेरिट पर चुने गए हैं। पुलिस बल में वर्तमान बदलाव मुख्यमंत्री का विजन है। ये बल अनुरोध को भी आदेश मानता है। प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद ने कहा कि ये कार्यक्रम मिशन रोजगार का हिस्सा है। बीते पांच वर्षों में पुलिस बल में डेढ़ लाख से अधिक भर्तियां हुई है। अंत में एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।