सीएम ने कहा प्रदेश का युवा अब नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बन गया है। उन्होंने कहा कि हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी या स्वरोजगार से जोड़ने में बैंकर्स की बड़ी भूमिका है। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों से सीडी रेशियो को बढ़ाकर 55 प्रतिशत करने का आग्रह करते हुए कहा कि आगामी पांच वर्षों में इसे बढ़ाकर 60 प्रतिशत तक ले जाना चाहिए। इससे बैंकों और वित्तीय संस्थाओं के प्रति जनविश्वास बढ़ेगा। बैंक भी अपने नोडल अधिकारियों के माध्यम से शासन की योजनाओं को आगे बढ़ाएंगे तो उनका भी व्यवसाय बढ़ेगा और अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि बाजार में पैसा जितना तेजी से घूमेगा, उतनी ही तेजी से समृद्धि आएगी।
कॉमन फैसिलिटी सेंटर का उद्घाटन
योगी ओडीओपी योजना के तहत आगरा, अंबेडकरनगर, सीतापुर, आजमगढ़, सिद्धार्थनगर में स्थापित कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) का उद्घाटन किया। उन्होंने सीएफसी पर उपस्थित लाभार्थियों से संवाद भी किया।
कानपुर में शुरू हुआ अमेजन का डिजिटल केंद्र
सीएम की मौजूदगी में एमएसएमई विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल, अमेजन के वाइस प्रेसिडेंट पॉलिसी चेतन कृष्ण स्वामी के बीच एक एमओयू साइन किया गया। इस अवसर पर कानपुर में अमेजन का डिजिटल केंद्र शुरू किया गया है। इस केंद्र के जरिए एमएसएमई से जुड़े उद्यमियों को देश-विदेश में अपने उत्पादों की मार्केटिंग में मदद मिलेगी। प्रदेश के 35 जिलों में सिडबी के सहयोग से स्वावलंबन केंद्र भी शुरू किए गए हैं। ये केंद्र नए उद्यमियों की हैंड होल्डिंग का कार्य करेंगे। भविष्य में प्रदेश के सभी जिलों में ये केंद्र स्थापित होंगे।