प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय पर आयोजित युवा संसद कार्यक्रम में कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा की हरकत अंग्रेजों वाली होगी, तो कांग्रेस क्रांतिकारी की भूमिका निभाएगी। नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री कम भाजपा के प्रचार मंत्री ज्यादा हैं। पेगासस पर सवाल उठाते हुए कन्हैया ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के साथ इन्होंने भाजपा के भी नेताओं और मंत्रियों की जासूसी करवाई। युवाओं में छाई बेरोजगारी पर कहा कि जब सरकारी नौकरी नहीं होगी तो ब्याह कैसे होगा। जब रेलवे नहीं बचेगा तो मंगल ग्रह पर नौकरी मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा राम को नहीं, नाथूराम को लाए हैं।
उन्होंने कहा की भाजपा कहती थी कि हम जातिवाद खत्म करेंगे, पर भाजपा सिर्फ श्मशान और कब्रिस्तान की बात करती है। 80-20 की बात करती है। भाजपा कभी मुद्दों पर बात नहीं करती है। कन्हैया ने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं की बेहतरी और उन्हें आर्थिक सशक्त बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी विस्तृत रोडमैप के साथ विधानसभा चुनाव लड़ रही है।