खुले में चल रही 53 पार्किंगों को निरस्त करने के बाद नगर निगम अब शहर की सभी आठ भूमिगत पार्किंग को ठेके पर उठाने जा रहा है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पिछली बार की तरह टेंडर उठने में समस्या न आए, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। निविदा शर्तों में बदलाव कर ठेका सस्ता भी किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक ठेकेदार आगे आएं। इसके लिए इस समय हो रही विभागीय वसूली को आधार बनाया जा रहा है।
नगर निगम की शहर में आठ भूमिगत पार्किंग हैं। मार्च में जब इनका ठेका उठाने के लिए टेंडर जारी किए गए थे तो कोई भी निविदा नहीं आई। बीते साल भी नगर निगम ने भूमिगत पार्किंगों को ठेके पर उठाने के लिए टेंडर जारी किया था, मगर उस समय भी कोई ठेकेदार अधिक खर्च और कम आमदनी को देखते हुए आगे नहीं आए थे। ऐसे में नगर निगम प्रशासन अब निविदा शर्र्तों में ही बदलाव कर रहा है। ताकि इस बार भूमिगत पार्किंग टेंडर का हाल पिछली बार की तरह न हो।
कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने की भी बात
जानकारों ने बताया कि ठेका सस्ता करने के लिए विभागीय वसूली को आधार बनाया जा रहा है। इसके तहत पिछले माह नगर निगम की जितनी आमदनी जिस भूमिगत पार्किंग से हुई है, उसके हिसाब से ही ठेके पर पार्किंग को दिया जाएगा। वहीं जो टेंडर पहले निकाले गए थे उसमें ऐसा नहीं था। शॉर्ट टर्म टेंडर निकाला जाएगा ताकि जल्द से जल्द पार्किंग को ठेके पर दिया जा सके। सूत्रों का यह भी कहना है कि टेंडर शर्तों में बदलाव कर कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने की गुपचुप तैयारी है। उसी के लिए विभागीय वसूली के आधार पर ठेका देने का रास्ता बनाया जा रहा है।
-----
यहां हैं नगर निगम की भूमिगत पार्किंग :
अमीनाबाद झंडे वाला पार्क।
लालबाग दयानिधान पार्क।
लालबाग झंडी पार्क।
सरोजनी नायडू पार्क डीएम आवास के सामने।
हजरतगंज हनुमान मंदिर के पास।
महानगर चंद्रशेखर आजाद पार्क।
भूतनाथ बाजार इंदिरानगर।
आलमबाग चंदर नगर गेट पास।
भूमिगत पार्किंग का टेंडर जल्द जारी किया जाएगा। पार्किंग उठ जाएं और ज्यादा प्रतिस्पर्धा हो, उसको लेकर टेंडर की शर्तों में कुछ बदलाव किए जाएंगे।
- दिलीप श्रीवास्तव, कर अधीक्षक नगर निगम