सरोजनीनगर स्थित कैप्टन मनोज पांडेय सैनिक स्कूल के निर्माणाधीन ऑडिटोरियम की क्षमता एक हजार दर्शकों की करने से निर्माण लागत 5 करोड़ 64 लाख 63 हजार रुपये बढ़ गई है।
योगी कैबिनेट ने सोमवार को ऑडिटोरियम की बढ़ी हुई लागत का अनुमोदन किया। प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि कैप्टन मनोज पांडेय सैनिक स्कूल के ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए 12 करोड़ 96 लाख 59 हजार रुपये की मंजूरी पहले दी गई थी।
बाद में ऑडिटोरियम की क्षमता एक हजार दर्शकों की करने, विभिन्न मदों की मात्रा और दरों में वृद्धि के कारण निर्माण पूर्व में स्वीकृत राशि में होना संभव नहीं था।
ऑडिटोरियम के निर्माण में 18 करोड़ 61 लाख 22 हजार रुपये खर्च का आकलन किया गया है। इसमें 5 करोड़ 64 लाख 63 हजार रुपये की वृद्धि हुई है।
योगी कैबिनेट ने ऑडिटोरियम में फाल्स सीलिंग के लिए 29.48 लाख, वॉल पैनलिंग के लिए एक करोड़ 30 लाख 46 हजार और वूडेन फ्लोरिंग के लिए 16.44 लाख रुपये की भी मंजूरी दी है।