बहन और भाई के बीच स्नेह का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन बृहस्पतिवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। तैयारियों को लेकर बुधवार देर रात शहर के बाजारों में रौनक रही। राखी और मिठाई की दुकानों पर जहां बहनों की खूब भीड़ रही तो वहीं कपड़ों, जेवर व उपहारों की दुकानों पर भाइयों ने खरीदारी की।
इस रक्षाबंधन बहनों को तोहफे में दें ‘सुरक्षित भविष्य’
बहन को खुश करने के लिए रक्षाबंधन पर छोटे-छोटे तोहफों से लेकर महंगे-महंगे तोहफे भी मौजूद हैं। फिर चाहे वो चॉकलेट बंच हो, चॉकलेट हैंपर्स, स्पेशल फीलिंग्स वाले कार्ड्स हों, आर्टिफिशियल व सुंदर ज्वेलरी हों या खास यादों की तस्वीरों से सजा कॉफी मग, सॉफ्ट ट्वॉयज आदि। इनके अलावा भी बहन के लिए कुछ ऐसे स्पेशल तोहफे हैं, जिनके जरिये आप उनके भविष्य को सुरक्षित कर सकते हैं।
सुकन्या समृद्धि एक बेहतर तोहफा
अगर बहन 10 वर्ष या उससे कम आयु की है तो आप उसका सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत खाता खुलवा सकते हैं। यह अकाउंट डाक घरों या बैंकों में जीरो बैलेंस पर खोला जा सकता है। इसमें आप अपनी सहूलियत और मन मुताबिक हर माह में 100 रुपये से लेकर जितनी चाहे धनराशि जमा कर सकते हैं। बालिग होने के बाद वह राशि बहन के काम आ सकती है। उत्तर प्रदेश में अब तक करीब 16 लाख सुकन्या समृद्धि खाले खुलवाए जा चुके हैं। इसके अलावा भी फिक्स डिपॉजिट जैसे विकल्प भी खुले हुए हैं।
खूबसूरत लम्हों को स्टैंप में कैद कर दीजिए तोहफा
इसके अलावा डाकघर की माय स्टैंप योजना के अंतर्गत अपनी बहन के साथ की खूबसूरत यादों के स्टैंप बनवा कर आप उसे गिफ्ट कर सकते हैं। इसके लिए आपको अपनी मनपसंद फोटो डाकघर ले जाकर कुछ ही देर में तस्वीर युक्त स्टैंप मिल सकते हैं। इसके लिए महज 300 रुपये चुकाने होंगे।
50 से लेकर 2500 रुपये तक के चॉकलेट बंच हैं खास
बेकरी हो या मार्केट अगर रक्षाबंधन गिफ्ट्स की बात करें हर तरफ खूबसूरत तोहफों की वैराइटीज मौजूद हैं, जिसमें चॉक्लेट हैंपर्स भी बेहद खास हैं। अगर आप भी बहन को तोहफे में चॉकलेट देना चाहते हैं तो इसमें 50 रुपये के छोटे से पैक, 250 से 1500 रुपये तक कई वैराइटीज में मौजूद चॉकलेट बंच और 2500 रुपये तक के स्पेशल चॉकलेट हैंपर्स उपलब्ध हैं। इसके अलावा भी सॉफ्ट ट्वॉयज, कॉफी मग, परफ्यूम, आकर्षक आर्टिफिशियल ज्वेलरी, ब्यूटी किट, पर्स आदि का कलेक्शन भी उपलब्ध है।