फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राज्यसभा के लिए भाजपा उम्मीदवार नीरज शेखर ने दाखिल किया नामांकन, सपा एमएलसी भी रहे मौजूद

Wed, 14 Aug 2019 09:53 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
rajya sabha election - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

राज्यसभा की एक सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर ने बुधवार को यहां भाजपा उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। नीरज के त्यागपत्र से देने के कारण इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। 

विज्ञापन


नीरज शेखर अभी तक सपा से राज्यसभा सदस्य थे। पिछले दिनों वह सपा और राज्यसभा की सदस्यता से त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल हो गए थे। सिर्फ एक सीट और भाजपा के विधायकों की संख्या 300 से ज्यादा होने से नीरज का निर्विरोध निर्वाचित होना तय माना जा रहा है। हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा नामांकन की समयावधि खत्म होने के बाद ही की जाएगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा सहित अन्य कई भाजपा नेताओं और सरकार के मंत्रियों के साथ नीरज विधानमंडल के सेंट्रल हॉल पहुंचे। उन्होंने चार सेटों में नामांकन पत्र चुनाव अधिकारी को सौंपे। 
विज्ञापन


कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, आशुतोष टंडन गोपाल, धर्मपाल सिंह, मुकुट बिहारी वर्मा, चेतन चौहान सहित भाजपा के 40 विधायकों ने नीरज के नाम का प्रस्ताव किया। इस मौके पर विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा के प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, भाजपा एमएलसी यशवंत सिंह भी मौजूद थे।

विज्ञापन

सपा एमएलसी रविशंकर की मौजूदगी ने चौंकाया

नामांकन के समय सपा के एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू और सीपी चंद की मौजूदगी ने सभी को चौंका दिया। अधिकारियों और मीडिया कर्मियों में सपा के दोनों एमएलसी के भाजपा में शामिल होने की अटकलें शुरू हो गईं। पर, रविशंकर सिंह पप्पू ने कहा कि नीरज शेखर उनके परिवार के वरिष्ठ सदस्य हैं, इसलिए वे नामांकन में शामिल हुए हैं।
 
शेखर से ज्यादा उनकी पत्नी की चल संपत्ति
लगभग 50 वर्ष के नीरज की शैक्षिक योग्यता स्नातक है। नीरज शेखर, उनकी पत्नी सुषमा शेखर, बेटी नवेली और रान्या के पास कुल 7 करोड़ 38 लाख 41 लाख 886 रुपये की चल-अचल संपत्ति है। इसमें 4 करोड़ 23 लाख 4 हजार 946 रुपये की चल संपत्ति है। 

नीरज के पास 1 करोड़ 55 लाख 581 रुपये की जबकि उनकी पत्नी सुषमा के पास 1 करोड़ 86 लाख 94 हजार 646 रुपये की चल संपत्ति है। बेटी नवेली के नाम 40 लाख 84 हजार 800 रुपये और रान्या के नाम 40 लाख 24 हजार 919 रुपये की चल संपत्ति है। 

नकदी के मामले में भी नीरज पत्नी से पीछे हैं। नीरज के पास मात्र 45 हजार रुपये नकद हैं जबकि पत्नी के पास 60 हजार रुपये हैं। नीरज के पास कार नहीं है जबकि उनकी पत्नी के पास 35 लाख रुपये कीमत की कार है। नीरज के पास सोना नहीं है, उनकी पत्नी के पास 130 तोला सोना है। 

अचल संपत्ति में नीरज के पास 1 करोड़ 84 लाख 14 हजार 750 रुपये और उनकी पत्नी के पास 1 करोड़ 31 लाख 22 हजार 150 रुपये की अचल संपत्ति है। नीरज के पास बलिया में इब्राहिमपट्टी, भिंडलखनसिंहा और मोहनलालगंज (लखनऊ) में कृषि भूमि है जबकि पत्नी के पास मोहनलालगंज में कृषि भूमि है। नीरज के पास लखनऊ के बिजनौर में तीन प्लॉट हैं जबकि उनकी पत्नी के पास वाराणसी में एक बड़ा प्लॉट है। नीरज और उनकी पत्नी के पास नोएडा में वाणिज्यिक भवन भी है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें