प्रदेश के नवनियुक्त 16 डिप्टी जेलरों का प्रशिक्षण पूरा हो गया। डीजी कारागार आनंद कुमार ने शुक्रवार को इन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में शामिल होमगार्ड्स एवं कारागार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने नव नियुक्त जेलरों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कुख्यात बंदियों के प्रति जहां सख्ती होनी चाहिए, वहीं लाचार बंदियों के प्रति संवेदनशीलता से पेश आने की प्रवृत्ति होनी चाहिए। डॉ. सम्पूर्णानंद ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में शुक्रवार को आयोजित पासिंग आउट सेरेमनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कारागार मंत्री ने नये डिप्टी जेलरों को संबोधित करते हुए कहा कि जेल अफसरों को बंदी के सुधार पर ज्यादा ध्यान केन्द्रित करना होगा। जेल राज्यमंत्री सुरेश राही ने पर डिप्टी जेलरों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर डिप्टी जेलर कार्तिकेय गुप्ता को बेस्ट कैडेट एवं विशाल मद्धेशिया को बेस्ट टर्न आउट कैडेट के पुरस्कार से नवाजा गया। इस दौरान जेल आईजी डा. प्रीतिंदर सिंह, एसजेटीआई निदेशक संजीव त्रिपाठी, आईजी चित्रलेखा, डीआईजी रविशंकर छवि समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।